मोबाइल फोन छीनने का विरोध करने पर की गई मनीष की हत्या








Listen to this article

न्यूज 127.
रानीपुर पुलिस ने एक ऐसी वारदात का पर्दाफाश किया है जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। महज एक मोबाइल छुपाने और पुलिस के डर से बचने के लिए दो दरिंदों ने एक दिव्यांग ई-रिक्शा चालक की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है जबकि फरार दूसरे अभियुक्त को भी जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है।
घटना का खुलासा करते हुए एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने कोतवाली रानीपुर में प्रेसवार्ता में हत्याकांड से जुड़ी जानकारी और पुलिस कार्रवाई के बारे में बताया। पुलिस के मुताबिक बीती 04 फरवरी को कोतवाली रानीपुर में रामआसरे पुत्र नाथूराम निवासी मकान संख्या 114 विष्णुलोक कालोनी रानीपुर हरिद्वार द्वारा स्वयं के पुत्र मनीष उम्र 38 वर्ष जो कि पैरो से विकलांग है, के दिनांक 1 फरवरी से गुम होने के सम्बन्ध में गुमशुदगी दर्ज की गई।

एसएसीपी ने बताया कि गुमशुदा की तलाश में जुटी पुलिस टीम के जाँच पड़ताल में एक बात सामने आई कि गुमशुदा मनीष का मोबाइल फोन पाँवधोई मोहल्ला ज्वालापुर का रहने वाले अयान उर्फ सुन्नत ने बैरियर नम्बर-05 के पास काल करने के लिये लिया था और फिर फोन लेकर भाग गया। उसके बाद उसने मोबाइल स्विच आफ कर दिया। पुलिस टीम द्वारा 6 फरवरी को बीएचईएल स्टेडियम से संदिग्ध अयान उर्फ सुन्नत को दबोचकर उसके कब्जे से गुमशुदा मनीष का मोबाइल फोन बरामद किया गया।

पूछताछ में पुलिस को आरोपी अयान उर्फ सुन्नत ने बताया कि कुछ दिन पहले बिष्णुलोक कालोनी जाने वाले कच्चे रास्ते के पास से उसने गुमशुदा मनीष से कॉल करने के बहाने मोबाइल मांगा और अंधेरे का फ़ायदा उठा कर भाग गया। जिसके बाद मोबाइल स्विच ऑफ़ कर सिम तोड़ दिया। जब मृतक मनीष ने अयान उर्फ सुन्नत के घर जाकर शिकायत की और पुलिस में जाने की धमकी दी, तो अयान ने अपने साथी बिलाल (जो हाल ही में जेल से छूटा था) के साथ मिलकर खौफनाक साजिश रची।

आरोपियों ने मृतक मनीष को शराब पीने के बहाने बीएचईएल के पास झाड़ियों में बुलाया जहाँ विवाद होने पर बिलाल ने मनीष को पकड़ा और अयान ने गला घोंटकर उसकी जान ले ली। साक्ष्य मिटाने के लिए शव को प्लास्टिक के कट्टे में भरकर सुपरवाइजर हॉस्टल के पास झाड़ियों में फेंक दिया और ई-रिक्शा लावारिस छोड़कर फरार हो गए।

हत्यारोपी अयान उर्फ सुन्नत उपरोक्त को नियमानुसार हिरासत में लेकर उसकी निशांदेही पर मृतक मनीष का शव सुपरवाईजर हास्टल बीएचईएल के पास स्थित झाडियों से बरामद किया गया, पुलिस द्वारा गुमशुदगी को 103(1), 303(2), 238, 61(2) BNS में तरमीम कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

पुलिस टीम में आशुतोष राणा, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर, व0उ0नि0 नितिन चौहान, कोतवाली रानीपुर, उ0नि0 विकास रावत, चौकी प्रभारी गैस प्लान्ट कोतवाली रानीपुर, उ0नि0 मन्दीप सिंह, कोतवाली रानीपुर, का0 दीप गौड, कोतवाली रानीपुर, का0 सुमन डोभाल, कोतवाली रानीपुर, का0 रविन्द्र बिष्ट, कोतवाली रानीपुर, का0 अजीतराज, कोतवाली रानीपुर शामिल रहे।