न्यूज 127, हरिद्वार।
उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने दावा किया उत्तराखंड में कई बड़े नेता उनके संपर्क में हैं जो कांग्रेस ज्वाइन करेंगे। शुक्रवार को कुमार शैलजा ने खड़खड़ी स्थित जयराम आश्रम में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जनता ने बदलाव का मन बना लिया है। अगामी सरकार कांग्रेस की सरकार होगी।
मीडिया से वार्ता के दौरान कुमारी शैलजा ने कहा कि उत्तराखंड के कार्यकर्ताओं और सीनियर नेताओं से बातचीत का सिलसिला चल रहा है। आगामी चुनाव को लेकर फीडबैक लिया जा रहा और आगे भी यह सिलसिला चलता रहेगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ जनता में भी इस बार गहरा उत्साह है, जनता कह रही है कि इस बार कांग्रेस की सरकार बनाओ। आरोप लगाया कि भाजपा से जनता दुखी हो चुकी है। भाजपा के राज में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है, लोग आत्महत्या कर रहे हैं। महिलाओं और दलितों का उत्पीड़न हो रहा है। उत्तराखंड में बेरोजगारी बढ़ रही है और पलायन हो रहा है। हेमंत बिसवा सरमा के बयान पर पलटवार करते हुए कुमारी शैलजा ने कहा कि भाजपा के राज में नेता भारत की संस्कृति और सभ्यता से परे जाकर बयानबाजी कर रहे हैं। उनकी जुबानों से जहर घोलने का काम किया जा रहा है। इनकी जुबान हमारी संस्कृति और राजनीति से मेल नहीं खाती। जनता अपने वोट से जवाब देगी। कुमारी शैलजा ने दावा किया कि उत्तराखंड कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं है। यदि किसी की नाराजगी भी है तो पार्टी फोरम पर उसे भी दूर किया जाएगा। कांग्रेस मजबूती से चुनाव लड़ेगी और निश्चित रूप से भाजपा को हराकर जीत भी दर्ज करेगी।
महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से कुमारी शैलजा का हरिद्वार पहुंचने पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। पुष्पवर्षा के साथ ही जमकर ढोल बजाए गए। स्वागत कार्यक्रम में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग, मुरली मनोहर, वरुण बलियान, संतोष चौहान, अंजू मिश्रा, शशि झा, गिरीश कश्यप, तुषार कपिल, अजय गिरी, राजीव पाराशर, कैश खुराना, महेश प्रताप राणा, राजेंद्र चौटेला, शुभम जोशी, कैलाश भट्ट, हिमांशु गुप्ता, सहित शेट्टी, राजीव भार्गव, हिमांशु राजपूत, राघव मित्तल, अरुण अग्रवाल, उत्कर्ष वालिया और उज्जवल वालिया शामिल रहे। बैठक में विधायक नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधायक भुवन कापड़ी, विधायक प्रीतम सिंह, विधायक रवि बहादुर, विधायक अनुपमा रावत, विधायक मामला राकेश और कांग्रेस नेता वीरेंद्र रावत, हरक सिंह रावत, विधायक वीरेंद्र जाति और आलोक शर्मा समेत कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद।
भीड में कटी नेता और पत्रकार की जेब
उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के कार्यक्रम को लेकर नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया। खड़खड़ी स्थित जयराम आश्रम में तमाम सीनियर लीडर और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस बीच भीड़ में शामिल कुछ जेबकतरों ने लोगों की जेब पर हाथ साफ कर दिया। एक पत्रकार की जेब से 14 हजार, कांग्रेस नेता मोहित गर्ग के 5 हजार, पार्षद हिमांशु गुप्ता के 5 हजार, तुषार कपिल के करीब साढ़े हजार रुपए चोरी होने की बात सामने आयी। बताया गया कि पत्रकार ने भीड़ में शामिल एक संदिग्ध को पकड़ कर पुलिस के हवाने भी किया। संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है।




