न्यूज 127.
थाना बुढ़ाना और थाना शाहपुर पुलिस की संयुक्त टीम और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश मारा गया। मारे गए बदमाश की शिनाख्त महताब के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक शातिर महताब पर एक लाख का इनाम घोषित था। इस मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि दो कुख्यात बदमाश किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो उन्होंने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग से उपनिरीक्षक ललित कसाना और आरक्षी अलीम घायल हो गए। इसके अलावा थाना प्रभारी बुढ़ाना और थानाध्यक्ष शाहपुर की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोलियां लगीं। अभियुक्त मोटरसाइकिल छोड़कर पास के बंद ईंट-भट्टे में घुस गए और वहां से भी पुलिस पर लगातार फायरिंग करने लगे। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। इसमें एक अपराधी महताब पुत्र अब्बास, निवासी ग्राम सौंटा रसूलपुर, थाना थानाभवन (शामली) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने कुछ देर बाद ही उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक महताब शातिर किस्म का बदमाश और थाना बुढ़ाना का वांछित अपराधी था। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में गंभीर धाराओं के 18 से अधिक मामले दर्ज थे। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
एक लाख का इनामी महताब पुलिस एनकांउटर में हुआ ढेर


