एडीजी कानून व्यवस्था अशोक कुमार ने न्यूज127 डॉट कॉम की खबर का लिया संज्ञान
नवीन चौहान
हरिद्वार। उत्तराखंड की मित्र पुलिस को स्नान पर्व पर व लक्खी मेलों में खाली पेट और सूखे गले डयूटी नहीं करनी पड़ेगी। पुलिस प्रशासन की ओर से पुलिसकर्मियों के भोजन की व्यवस्था की जायेगी। पुलिस को पानी और भोजन डयूटी स्थल पर ही दिया जायेगा। एडीजी कानून एवं व्यवस्था अशोक कुमार ने दिन की डयूटी करने वाले पुलिसकर्मियों के लिये भोजन और पानी की व्यवस्था कराने की बात कहीं है।
कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिये करीब दो हजार पुलिसकर्मियों की डयूटी श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था के लिये लगाई गई थी। इन पुलिसकर्मियों को बारी-बारी से 12 घंटों की डयूटी करनी थी। दिन की डयूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को भोजन और पानी के लिये तरसना पड़ा। जब न्यूज127डॉट कॉम ने पुलिसकर्मियों के भोजन की जानकारी जुटाई तो मालूम चला कि पुलिसकर्मी भूखे है। पुलिस के पास पीने के लिये पानी तक नहीं है। जब इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया तो एडीजी कानून व्यवस्था अशोक कुमार को पुलिसकर्मियों के भूखे रहने की जानकारी हुई। एडीजी कानून एवं व्यवस्था अशोक कुमार ने बताया कि रात्रि में डयूटी करने वाले पुलिसकर्मी तो भोजन घर से ही करके आते है। लेकिन दिन की डयूटी करने वाले पुलिसकर्मियों के लिये भोजन और पानी की व्यवस्था पुलिस प्रशासन की ओर से कराई जायेगी। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी 12 घंटे पुलिस डयूटी करते है। ऐसे में पुलिस प्रशासन मेला पर्व व अन्य धार्मिक आयोजन के दौरान उनके भोजन के लिये लंच पैकेट की व्यवस्था कराकर रखेगा। जिससे पुलिसकर्मियों को भूखा नहीं रहना पडे़।