28 फरवरी को नूरपुर पंजनहेड़ी से सिंहद्वार तक निकलेगी पदयात्रा, सरकार और बिजली विभाग पर जनता के शोषण का आरोप
हरिद्वार।
बिजली विभाग की कथित मनमानी, बढ़े हुए बिल और सरचार्ज के विरोध में अनुपमा रावत ने 28 फरवरी को पदयात्रा निकालने की घोषणा की है। यह पदयात्रा ग्राम नूरपुर पंजनहेड़ी से शुरू होकर सिंहद्वार तक निकाली जाएगी। पदयात्रा को लेकर कृष्णानगर स्थित पूर्व मेयर अनीता शर्मा के कैंप कार्यालय पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक अनुपमा रावत ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा लगातार बिजली और पानी के बिलों में बढ़ोतरी कर आम जनता पर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग जनता का शोषण कर रहा है और सरकार इस मुद्दे पर संवेदनहीन बनी हुई है।
उन्होंने कहा, “जनता को भेजे जा रहे बिलों में भारी सरचार्ज जोड़ा जा रहा है, जिससे आम परिवारों का बजट बिगड़ रहा है। लोगों की शिकायतें सुनने वाला कोई नहीं है। ऐसे में जनता की आवाज को बुलंद करने के लिए 28 फरवरी को पदयात्रा निकाली जाएगी, ताकि सरकार और अधिकारियों को जगाया जा सके।”
विधायक अनुपता रावत ने यह भी मांग की कि बिजली बिलों पर लगाए गए सरचार्ज में राहत दी जाए और आम जनता को राहत प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि यदि जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
बैठक में मौजूद पूर्व सभासद अशोक शर्मा ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के शासन में जनता परेशान है और अधिकारियों द्वारा आम लोगों की शिकायतों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जब लोग अपनी समस्याओं को लेकर विभागीय अधिकारियों के पास जाते हैं तो उनकी सुनवाई नहीं होती। ऐसे में सरकार और प्रशासन को जगाने के लिए जन आंदोलन जरूरी हो गया है।
उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से पदयात्रा में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ते टैक्स और सरचार्ज से जनता त्रस्त हो चुकी है और अब जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करेगी।
बैठक में महेश प्रताप राणा, अरविंद शर्मा, राजबीर सिंह चौहान, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष कैश खुराना, जगत सिंह रावत, लव गुप्ता, अंजू मिश्रा, अंजू द्विवेदी, बीएस तेजियांन, वसीम सलमानी, कैलाश भट्ट, दिनेश वालिया, जतिन हांडा, आशु श्रीवास्तव, रामबाबू बंसल, सुंदर सिंह मनवाल, बृजमोहन बड़थ्वाल, दिनेश पुंडीर, दीपक कोरी, पार्षद सुनील कुमार, हिमांशु गुप्ता, सुमित त्यागी, विवेक भूषण विक्की, उज्ज्वल वालिया, मोनिक धवन, शाहनवाज कुरैशी, विक्रम शाह, मेहरबान खान, पुनीत कुमार, अनिल भास्कर, राजेंद्र श्रीवास्तव, रणवीर शर्मा, रकित वालिया, शुभम अग्रवाल और आशु भारद्वाज सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बिजली बिल और सरचार्ज के विरोध में विधायक अनुपमा रावत की पदयात्रा का ऐलान






