हरिद्वार।
रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को टिकट कंफर्म कराने का झांसा देकर ठगी करने वाले “मेरा मामा टीटी है” गैंग का जीआरपी हरिद्वार ने पर्दाफाश कर दिया है। जीआरपी कप्तान अरूणा भारती के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि उनके तीसरे फरार साथी की तलाश जारी है।
टिकट कंफर्म कराने के नाम पर बनाते थे शिकार
पिछले कुछ दिनों से हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर बिहार, झारखंड एवं ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले भोले-भाले यात्रियों को निशाना बनाया जा रहा था। आरोपी अपनी ही बोली-भाषा में बातचीत कर विश्वास जीतते और कहते— “मेरा मामा यहां टीटी है, टिकट कंफर्म करा दूंगा।”
इसके बाद वे यात्रियों से मोबाइल फोन, आधार कार्ड, एटीएम/फोन का पिन कोड और नकदी लेकर उन्हें स्टेशन मास्टर कार्यालय या रेलवे अधिकारी विश्रामगृह के आसपास इंतजार करने को कहते। इसी बीच वे एटीएम या यूपीआई के जरिए खातों से रकम साफ कर फरार हो जाते थे।
22 फरवरी की घटना से खुला राज
22 फरवरी 2026 को बिहार के सहरसा निवासी मनीष और उनके मित्र अनिल शाह हरिद्वार पहुंचे थे। आरोपियों ने प्लेटफार्म नंबर-1 पर स्टेशन मास्टर कार्यालय के पास उन्हें झांसे में लिया और कुल 6900 रुपये नकद तथा करीब 9000 रुपये बैंक खाते से निकाल लिए।
मामले में थाना जीआरपी हरिद्वार में मुकदमा अपराध संख्या 07/26 धारा 318(4), 303(2), 317(2) बीएनएस के तहत पंजीकृत किया गया, बाद में धारा 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों रामकिशोर यादव (42 वर्ष) एवं हंसलाल महतो (38 वर्ष), दोनों निवासी जिला सीतामढ़ी, बिहार को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय के आदेश पर दोनों को 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
बेहद शातिर था गिरोह का तरीका
आरोपी पहले एक व्यक्ति को टिकट घर और सर्कुलेटिंग एरिया में घुमाकर संभावित शिकार तलाशता था। फिर अपने साथी को फर्जी “टीटी रिश्तेदार” बताकर किसी अधिकृत कार्यालय के बाहर मिलवाता, ताकि पीड़ित को संदेह न हो। इसी विश्वास का फायदा उठाकर ठगी को अंजाम दिया जाता था।
बरामदगी
दो सैमसंग मोबाइल फोन, दो आधार कार्ड (मनीष शाह व अनिल शाह)
5200 रुपये नकद
पुलिस टीम को कप्तान की सराहना
जीआरपी कप्तान अरुणा भारती ने पूरी पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के साथ ठगी करने वालों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। स्थानीय जनता ने भी इस कार्रवाई पर संतोष जताया है। कार्रवाई में एसआई प्रमोद कुमार, एसआई प्रीति कर्णवाल, एएसआई श्याम दास सहित पूरी टीम की अहम भूमिका रही।






