न्यूज 127.
हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी की जयंती अवसर पर डीएवी विद्यालय प्रांगण में राष्ट्रीय खेल दिवस बड़े ही उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने विविध सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों का आयोजन कर खिलाड़ियों के योगदान को नमन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्य शालिनी समाधिया तथा खेल विभाग के शिक्षकों द्वारा मेजर ध्यानचंद जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके उपरांत विद्यार्थियों ने योग आधारित शानदार नृत्य प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर विद्यालय के राष्ट्रीय स्तर पर विजय पताका फहराने वाले विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य तथा खेल विभाग ने इन छात्रों की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए उन्हें विद्यालय और राष्ट्र का गौरव बताया।

समापन अवसर पर प्रधानाचार्य शालिनी समाधिया ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन में संतुलन और आत्मविश्वास प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को प्रतिदिन “एक घंटा खेलों के नाम” देने का संकल्प लेने की प्रेरणा दी।

उन्होंने कहा कि खेल दिवस मनाने का उद्देश्य युवाओं में खेलों के प्रति रुचि जगाना, फिटनेस को बढ़ावा देना और उभरती प्रतिभाओं का सम्मान करना है ताकि वे विद्यालय ही नहीं बल्कि राष्ट्र का परचम विश्व स्तर तक फहरा सकें।



