बद्रीनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या का नया रिकॉर्ड




Listen to this article

14.53 लाख तीर्थयात्री पहुंचे भगवान बद्रीविशाल के दरबार, अभी डेढ़ माह बाकी यात्रा
न्यूज127
चारधाम यात्रा इस वर्ष नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। केदारनाथ के बाद अब बद्रीनाथ धाम में भी श्रद्धालुओं की संख्या ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। बुधवार तक कुल 14 लाख 53 हजार 827 तीर्थयात्री भगवान बद्रीविशाल के दर्शन को पहुंच चुके हैं, जबकि कपाट बंद होने में अभी करीब डेढ़ माह का समय शेष है।
वर्ष 2024 में पूरे यात्राकाल में 14 लाख 35 हजार 341 श्रद्धालु ही बद्रीनाथ पहुंचे थे, जबकि इस बार यह आंकड़ा पहले ही पार हो चुका है। जैसे-जैसे कपाटबंदी की तिथि नज़दीक आ रही है, तीर्थयात्रियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। बुधवार को ही 5042 श्रद्धालुओं ने भगवान बद्रीविशाल के दर्शन किए।

चारधाम यात्रा प्रबंधन में धामी सरकार की सफलता
चारधाम यात्रा के ऐतिहासिक आंकड़े प्रदेश सरकार की कुशल प्रबंधन क्षमता को दर्शा रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में शासन-प्रशासन ने यात्रा को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं।
खराब मौसम के बावजूद यात्रियों की यात्रा निर्बाध चलती रहे, इसके लिए प्रशासन ने सभी रूटों और पड़ावों पर विशेष व्यवस्थाएं की हैं। संवेदनशील स्थानों पर सड़कों को तुरंत खुलवाने हेतु जेसीबी मशीनों और रेस्क्यू टीमों की तैनाती की गई है।
धामों में यात्रियों के रुकने, भोजन, चिकित्सा और सुरक्षा की संपूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। ठंड बढ़ने के साथ अब अलाव की व्यवस्था भी की गई है ताकि श्रद्धालु सहजता से दर्शन कर सकें।

श्रद्धालुओं की निश्चिंत यात्रा, बढ़ता उत्साह
उत्तराखंड सरकार की ओर से किए गए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजामों के चलते श्रद्धालु पूरी निश्चिंतता के साथ चारधाम यात्रा पर पहुंच रहे हैं। बद्रीनाथ और केदारनाथ दोनों धामों में बढ़ती भीड़ श्रद्धालुओं के उत्साह को दर्शा रही है। बद्रीनाथ धाम के कपाट 25 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। अनुमान है कि तब तक तीर्थयात्रियों की संख्या 15 लाख का आंकड़ा पार कर सकती है।

आज बंद होंगे हेमकुंट साहिब के कपाट
चारधाम यात्रा के साथ ही श्री हेमकुंट साहिब की यात्रा भी अपने समापन की ओर है। चमोली जिले में समुद्रतल से 15,230 फीट की ऊंचाई पर स्थित इस पवित्र स्थल के कपाट 10 अक्टूबर (गुरुवार) को शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इस वर्ष अब तक 2 लाख 71 हजार 367 श्रद्धालु हेमकुंट साहिब के दर्शन कर चुके हैं — यह अब तक का सर्वाधिक रिकॉर्ड है। पिछले वर्ष 2024 में यह संख्या 1 लाख 83 हजार 722 थी। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद हर वर्ष यहां श्रद्धालुओं की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है।

चारधाम यात्रा :कपाट बंद होने की तिथियां
धाम कपाट बंद होने की तिथि
गंगोत्री 22 अक्टूबर
यमुनोत्री 23 अक्टूबर
केदारनाथ 23 अक्टूबर
बद्रीनाथ 25 नवंबर