हरिद्वार।
खेल और खिलाड़ियों को नई उड़ान देने के उद्देश्य से 23 दिसंबर 2025 से हरिद्वार में सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा को निखारने तथा राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय फलक पर चमकने का अवसर प्रदान किया जायेगा।
प्रेस क्लब हरिद्वार में भारतीय जनता पार्टी जिला हरिद्वार के जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा एवं पूर्व दर्जाधारी राज्य मंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता विमल कुमार ने संयुक्त पत्रकार वार्ता कर विस्तृत जानकारी दी।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और उनकी प्रतिभा को निखारना है। उन्होंने बताया कि पहले विधानसभा स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को अब जिला स्तरीय सांसद खेल महोत्सव में प्रतिभाग करने का अवसर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत किया जा रहा है। आज भारत विश्व पटल पर खेलों में नई पहचान बना रहा है, जो प्रधानमंत्री की खेलों के प्रति विशेष रुचि और खेल बजट में बढ़ोतरी का परिणाम है। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार ने खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में तीन प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें बड़ा प्रोत्साहन दिया है।
सांसद खेल महोत्सव के संयोजक विमल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला स्तरीय सांसद खेल महोत्सव का आयोजन योगस्थली खेल परिषद, रोशनाबाद हरिद्वार में 23, 24 एवं 25 दिसंबर 2025 को किया जाएगा। इस महोत्सव में लगभग 700 खिलाड़ी, जिनमें लड़के एवं लड़कियां दोनों शामिल होंगी, विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
उन्होंने बताया कि इससे पूर्व विधानसभा स्तर पर पीट्टू, कबड्डी, 200 मीटर दौड़ और 400 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को जिला स्तर पर सम्मिलित किया गया है, जबकि वॉलीबॉल एवं खो-खो की प्रतियोगिताएं सीधे जिला स्तर पर आयोजित की जाएंगी।
विमल कुमार ने सांसद खेल महोत्सव के आयोजन के लिए हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं प्रतिभावान खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेंगी। चयनित खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए कोचिंग एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि वे देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
इस अवसर पर प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी, जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, सांसद खेल समन्वयक एवं जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र चौहान, सांसद खेल सह संयोजक नितिन चौहान, प्रवीण संधू सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सांसद खेल महोत्सव में उभरेंगी नई प्रतिभाएं, 23 दिसंबर से खेलों का उत्सव



