राजनीति में सद्भाव का संदेश: मुख्यमंत्री धामी ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत से की शिष्टाचार भेंट
देहरादून।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत से उनके डिफेंस कॉलोनी, देहरादून स्थित आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्री रावत का कुशलक्षेम जाना तथा उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
भेंट के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने आत्मीयता और सादगी का परिचय देते हुए अपने खेत में उत्पादित चावल पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को भेंट किए। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि यह भेंट केवल एक औपचारिक उपहार नहीं, बल्कि उत्तराखंड की कृषि परंपरा, किसानों की मेहनत और स्थानीय उत्पादों के प्रति सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य की पहचान उसकी मिट्टी, किसान और परिश्रम से जुड़े मूल्यों में निहित है।
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी की इस पहल को राजनीतिक शिष्टाचार और आपसी सम्मान की मिसाल के रूप में देखा जा रहा है। दलगत राजनीति से ऊपर उठकर की गई यह भेंट प्रदेश में सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण राजनीतिक संस्कृति को दर्शाती है।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्नेहिल व्यवहार और आत्मीय भेंट के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा अपने खेत में उत्पादित चावल भेंट करना एक भावनात्मक और सांस्कृतिक संदेश है, जो राजनीति में आपसी सद्भाव, सम्मान और मर्यादा को मजबूत करता है।
राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी है कि “जैसा खाओ अन्न, वैसा हो मन” की पुरानी कहावत के अनुरूप मुख्यमंत्री द्वारा अपने खेत का अन्न भेंट करना एक सकारात्मक संकेत है। यह भेंट न केवल व्यक्तिगत सौहार्द का प्रतीक है, बल्कि प्रदेश की राजनीति में संवाद, संवेदनशीलता और परस्पर सम्मान की भावना को भी मजबूती देती है।
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के खेत के चावल खायेंगे अब पूर्व सीएम हरीश रावत







