पद्मश्री डॉ. पूनम सूरी ने यूपीएससी में 66वीं रैंक हासिल करने वाली डीएवी की स्टूडेंट मीनल नेगी का किया सम्मान








Listen to this article

डीएवी स्कूल के तमाम बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत्र बनी मीनल नेगी, विद्यालय और प्रदेश का बढ़ाया गौरव
देहरादून।
डीएवी पब्लिक स्कूल, डिफेंस कॉलोनी, देहरादून की पूर्व छात्रा मीनल नेगी के आईएएस अधिकारी बनने पर विद्यालय में हर्ष और गर्व का माहौल देखने को मिला। यूपीएससी परीक्षा 2025 में 66वीं रैंक प्राप्त कर देश की प्रतिष्ठित सिविल सेवा में चयनित होने पर विद्यालय परिवार ने उनका विशेष सम्मान किया।


डीएवी मैनेजिंग कमेटी के प्रधान पद्मश्री डॉ. पूनम सूरी ने कार्यक्रम के दौरान मीनल नेगी को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने मीनल की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता पूरे डीएवी परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों को मीनल नेगी से प्रेरणा लेने और कठिन परिश्रम, लगन तथा दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रयासरत रहने का संदेश दिया।


विदित हो कि 22 वर्षीय मीनल नेगी ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की प्रतिष्ठित परीक्षा में 66वीं रैंक हासिल कर देहरादून और उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। मीनल ने अपनी स्कूली शिक्षा डीएवी पब्लिक स्कूल, डिफेंस कॉलोनी, देहरादून से प्राप्त की थी। उन्होंने 12वीं कक्षा में 98 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था।


मीनल की इस उपलब्धि से विद्यालय के शिक्षकों और छात्रों में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित शिक्षकों के चेहरों पर गर्व और प्रसन्नता साफ झलक रही थी। सभी ने मीनल की सफलता को विद्यालय की शिक्षा और संस्कारों का परिणाम बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय की प्रधानाचार्या शामिली समाधिया ने कहा कि मीनल नेगी विद्यालय की अत्यंत मेधावी और अनुशासित छात्रा रही है। उन्होंने हमेशा अपने लक्ष्य के प्रति गंभीरता और समर्पण दिखाया। उनकी इस उपलब्धि ने विद्यालय का नाम रोशन किया है और आने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है।
उन्होंने कहा कि मीनल की सफलता यह सिद्ध करती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत के साथ निरंतर प्रयास किया जाए तो किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। विद्यालय परिवार को अपनी इस प्रतिभाशाली छात्रा पर गर्व है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों ने मीनल नेगी को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विश्वास जताया कि वह एक सक्षम और संवेदनशील प्रशासनिक अधिकारी बनकर देश और समाज की सेवा करेंगी।