हरिद्वार
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के नेतृत्व में जनपद पुलिस ने फर्जी हाईस्कूल परीक्षा प्रकरण का पर्दाफाश करते हुए मुख्य साजिशकर्ता स्कूल हैंडमास्टर को गिरफ्तार किया है। मामले में पूर्व में पकड़े गए “मुन्ना भाई” और “मुन्नी बहनों” से पूछताछ के बाद यह बड़ी कार्रवाई सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विगत 24 फरवरी 2026 को कोतवाली रानीपुर क्षेत्र स्थित राजकीय कन्या इंटर कॉलेज सलमेपुर में दूसरे के नाम पर फर्जी तरीके से परीक्षा दिलाने का मामला प्रकाश में आया था। इस संबंध में कॉलेज के प्रधानाचार्य सुरेश चन्द्र द्विवेदी की शिकायत पर थाना रानीपुर में मु0अ0सं0 59/2026 सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया।
पहले 7 आरोपी पकड़े जा चुके
रानीपुर पुलिस ने प्रारंभिक जांच में 03 “मुन्ना भाई” और 04 “मुन्नी बहनों” को हिरासत में लिया था। उनके कब्जे से फर्जी प्रवेश पत्र बरामद किए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह राणा के नेतृत्व में टीम ने विस्तृत विवेचना शुरू की।
मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने फर्जी प्रवेश पत्र तैयार कर परीक्षा दिलवाने वाले मुख्य आरोपी को चिन्हित किया। दिनांक 26 फरवरी 2026 को आरोपी चंगेज अंसारी (40 वर्ष), निवासी मेन रोड मोहल्ला चौहनान, ज्वालापुर को पूछताछ के बाद हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वयं को Almodia Islamic High School का प्रिंसिपल बताया। उसने “द सक्सेज प्वॉइंट” नाम से व्हाट्सएप/सोशल मीडिया ग्रुप के माध्यम से ऑनलाइन कोचिंग संचालित करने की बात भी स्वीकार की।
ट्यूशन के नाम पर वसूली, फर्जी प्रवेश पत्र तैयार
आरोपी ने ट्यूशन के नाम पर छात्रा के परिजनों से परीक्षा पास कराने के लिए धनराशि ली। इसके बाद एक अन्य छात्रा की फोटो का उपयोग कर फर्जी प्रवेश पत्र तैयार कराया गया। उसी फर्जी प्रवेश पत्र के आधार पर वास्तविक परीक्षार्थी के स्थान पर दूसरी छात्रा को परीक्षा दिलाई गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना एवं सार्वजनिक परीक्षा में प्रतिरूपण कराने जैसे गंभीर आरोपों में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
अन्य संस्थान की भूमिका भी जांच के दायरे में
प्रकरण में Savitri Shiksha Sadan की संभावित भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस टीम
आशुतोष सिंह राणा, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली रानीपुर
उ0नि0 मन्दीप सिंह
का0 विवेक गुसांई
पुलिस ने फर्जी हाईस्कूल परीक्षा प्रकरण में स्कूल हैंडमास्टर को किया गिरफ्तार






