हरिद्वार के होटल में एनआरआई महिला की संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में जुटी








Listen to this article


हरिद्वार।
धर्मनगरी की नगर कोतवाली क्षेत्र में एक होटल में ठहरी एनआरआई महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया। मृतका की पहचान 66 वर्षीय अन्ना चौहान के रूप में हुई है। वह यूके से 17 सदस्यीय दल के साथ भारत घूमने के लिए आई थी।
जानकारी के मुताबिक एक दिन पूर्व हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र स्थित शांति हेरिटेज होटल में एक महिला आकर ठहरी थी। महिला ने अपना नाम अन्ना चौहान बताया। उसके साथ उसके साथी भी होटल में ठहरे थे। मंगलवार सुबह होटल के कर्मचारियों ने कमरे के अंदर से कोई हलचल होती न देख दरवाजा खटखटाया। जवाब न मिलने पर दरवाजा खोला गया, जहां अंदर महिला बैड पर अचेत अवस्था में पड़ी थी। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई महिला की मौत की सूचना पर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव कब्जे में लिया। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि महिला की हार्ट अटैक से मौत हुई है। मामला यूके से जुड़ा हुआ होने के कारण पुलिस प्रत्येक बिंदु पर गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक महिला कई लोगों के एक दल में शामिल होकर इंग्लैंड से भारत घूमने आई थी।