नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा और स्वामी यतीश्वरानंद ने किया लोकार्पण, एसएसपी व भाजपा जिलाध्यक्ष रहे मौजूद
हरिद्वार।
नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर के वार्ड नंबर 13, पुलिस लाइन क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण, पथ प्रकाश व्यवस्था की आकर्षक लाइटों एवं सौंदर्यकरण कार्यों का लोकार्पण नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल तथा भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि “जनसेवा ही हमारा संकल्प, विकास ही हमारा लक्ष्य” की भावना के अनुरूप शिवालिक नगर के प्रत्येक वार्ड में संतुलित व टिकाऊ विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘स्मार्ट सिटी, स्वच्छ भारत और आत्मनिर्भर भारत’ के विज़न तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड को उत्कृष्ट विकास पथ पर अग्रसर करने के संकल्प को नगर पालिका स्थानीय स्तर पर साकार कर रही है।
राजीव शर्मा ने कहा कि जनता के सहयोग से शिवालिक नगर निरंतर विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है और आधुनिक स्वरूप की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि शिवालिक नगर में हो रहे विकास कार्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘नया भारत – नया विकास’ के संकल्प को धरातल पर साकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष राजीव शर्मा के नेतृत्व में नगर पालिका टीम द्वारा किए जा रहे सौंदर्यकरण, सड़क सुधार और जनसुविधा कार्य वास्तव में प्रशंसनीय हैं, जो नगर को आधुनिक स्वरूप प्रदान करने की दिशा में सार्थक पहल है।
भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि शिवालिक नगर में विकास कार्य जिस तीव्रता और पारदर्शिता के साथ किए जा रहे हैं, वे संगठन के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मंत्र को जीवंत रूप में प्रतिबिंबित करते हैं। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष राजीव शर्मा के नेतृत्व में नगर पालिका टीम हर क्षेत्र में प्रगति की नई मिसाल कायम कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने कहा कि पुलिस लाइन क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण व प्रकाश व्यवस्था से न केवल यातायात सुविधा में बल्कि सुरक्षा व्यवस्था में भी उल्लेखनीय सुधार होगा। उन्होंने नगर पालिका द्वारा किए गए इन कार्यों को अत्यंत उपयोगी और अनुकरणीय बताया, जिससे शहर की छवि और नागरिक सुविधा दोनों सुदृढ़ होंगी।
इस अवसर पर एस.पी देहात शेखर सुयाल, एस.पी सिटी अभय प्रताप, एस.पी क्राइम जितेंद्र मेहरा, एस.पी जितेंद्र चौधरी, एस.पी निशा यादव, क्षेत्राधिकारी शिशुपाल नेगी, विवेक कुमार, संजय चौहान, क्षेत्राधिकारी लक्सर नताशा सिंह, स्थानीय सभासद दीपक नौटियाल, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता बंधु, पुलिस के जवान और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



