हरकी पैडी पर शेख के लिबास में घूमकर सनसनी फैलाने वाले युवकों पर चंद घंटों में कसा गया शिकंजा








Listen to this article

न्यूज 127. हरिद्वार।
मंगलवार को हरकी पैड़ी क्षेत्र में अरबी शेख की वेशभूषा में घूमकर सनसनी फैलाने वाले दोनों युवकों को कोतवाली नगर पुलिस ने पकड़ लिया है। दोनों से पूछताछ के बाद उनके खिलाफ पुलिस एक्ट में कार्रवाई की गई है। पूछताछ में पता चला कि रील बनाकर लाइक और कमेंट बटारेने के लिए उन्होंने यह हरकत की।

दिन में यह यह मामला तूल पकड़ गया था, जिसके बाद एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली नगर पुलिस ने दोनों लड़कों की पहचान के लिए सीसीटीवी खंगाले। दोनों के बारे में सुराग लगने पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक दोनों लड़के वर्तमान में रावली महदूद सिडकुल में रह रहे हैं। इनमें एक का नाम प्रिंस पुत्र सोमपाल मूल निवासी जनपद बिजनौर और दूसरे का नवीन कुमार पुत्र मुन्ना निवासी रावली महदूद, सिडकुल हरिद्वार है। पूछताछ में बताया कि इससे पहले पेंटागन मॉल, शिवालिक नगर में भी इसी तरह की रील बनायी थी, जिन्हें लोगों ने काफी पसंद किया था। पुलिस को बताया कि उनका मकसद किसी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचानें का नहीं था। दोनों ने माफी मांगी और भविष्य में इस तरह की वीडियो न बनाने की बात कही। हरिद्वार पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि किसी भी घटना की सत्यता जाने बिना उसका सोशल मीडिया पर प्रचार प्रसार न करें।

हरकी पैडी पर शेख के लिबास में घूमते दिखे थे दो संदिग्ध युवक
बतादें हरिद्वार हर की पैड़ी क्षेत्र में मंगलवार को शेख के लिबास में दो युवक घूमते नजर आए थे। इन पर जब स्थानीय पुरोहितों की नजर गई तो तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी गई थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस दोनों युवकों की तलाश में जुट गई थी। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। लोग इसे माहौल खराब करने की साजिश बता रहे थे। इन दो युवकों के संदिग्ध अवस्था में घूमते पाए जाने पर तीर्थ पुरोहित उज्ज्वल पंडित ने पुलिस को इसकी जानकारी दी थी, बाद में गंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम ने भी पुलिस प्रशासन को उक्त वीडियो देकर कार्रवाई की मांग की थी। उज्जवल पंडित ने बताया था कि बिना किसी पूर्व अनुमति के दोनों युवक हरकी पौड़ी क्षेत्र में श्रद्धालुओं के बीच घूम रहे हैं। जिससे क्षेत्र की शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका हैं। सूचना के आधार पर हरकी पौड़ी चौकी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों युवकों की तलाश एवं पहचान संबंधी जांच शुरू कर दी थी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही थी कि दोनों युवक किस उद्देश्य से धार्मिक नगरी हरिद्वार और विशेष रूप से हरकी पौड़ी क्षेत्र में मौजूद थे।