न्यूज 127.
परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह’ के अंतर्गत रिलायंस इंडस्ट्रीज़ के सहयोग से डीएवी पब्लिक स्कूल, देहरादून में सड़क सुरक्षा नारा लेखन एवं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय में विशिष्ट अतिथि के रूप में, रिलायंस इंडस्ट्रीज़ के महाप्रबंधक मोहन राव लिम्माका के साथ सौमित्र गर्ग एवं कृष्ण प्रताप यादव भी उपस्थित रहे। विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक उज्ज्वल भट्टाचार्य व रोहित शर्मा के द्वारा उपस्थित अतिथिगणों का सम्मान व अतिथि देवो भव: परंपरा का निर्वाह करते हुए उन्हें पौधा भेंट किया गया।

इस वर्ष सड़क सुरक्षा का मुख्य विषय है ‘सड़क सुरक्षा- जीवन रक्षा’ सड़क सुरक्षा माह मनाने का मुख्य उद्देश्य भारत में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर और चोटों में कमी लाना है। प्रतिवर्ष जनवरी में आयोजित यह अभियान, लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने, सुरक्षित वाहन चलाने और हादसों को कम करने के लिए जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर देता है।

हमारे विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए सड़क सुरक्षा संबंधी चित्रों में यह सिद्ध कर दिया कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन भर नहीं है, बल्कि यह एक आदत, एक सोच और हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से हमारे विद्यार्थियों ने रंगों, शब्दों और अपनी सृजनात्मक अभिव्यक्ति द्वारा यह संदेश दिया है कि सड़क पर बना प्रत्येक नियम किसी न किसी जीवन की सुरक्षा से जुड़ा है।
एक और जहांँ स्लोगन लेखन प्रतियोगिताओं में अंशिका पवार (कक्षा 3), देवांशी ध्यानी (कक्षा 5), परिधि कांडपाल (कक्षा 7) व रिशाली द्योरारी (कक्षा 11) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं दूसरी ओर पोस्ट निर्माण प्रतियोगिता में ओम चमोली (कक्षा 4), आयुष मस्तवाल (6) अथर्व राणा (8), व देवांश डंड्रियाल (9) ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की वरिष्ठ अध्यापिका कंचन कंडारी द्वारा आए गए अतिथियों को अपना अमूल्य समय प्रदान करने के लिए धन्यवाद दिया गया।







