देहरादून
आईपीएस प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून का विधिवत पदभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के उपरांत आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं एवं कार्ययोजना को स्पष्ट करते हुए कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने का संकल्प दोहराया।
नव नियुक्त एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने कहा कि महिला सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहेगी। महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम, त्वरित कार्रवाई तथा प्रभावी निगरानी तंत्र को और अधिक मजबूत किया जाएगा। साथ ही जनपद में कानून व्यवस्था की स्थिति को बेहतर बनाए रखने तथा अपराध नियंत्रण के लिए ठोस और परिणामकारी कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुधारने पर भी विशेष जोर दिया। शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए ट्रैफिक प्रबंधन को आधुनिक तकनीक और बेहतर समन्वय के माध्यम से सुदृढ़ करने की बात कही। आमजन को सुगम और सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिस दिशा में ठोस प्रयास किए जाएंगे।
एसएसपी ने यह भी कहा कि पुलिसकर्मियों के मनोबल को ऊंचा रखना और उनकी कार्यक्षमता को बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए प्रशिक्षण, संसाधनों की उपलब्धता और सकारात्मक कार्य वातावरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि पुलिस बल अधिक प्रभावी ढंग से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सके।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने साम्प्रदायिक सौहार्द एवं धार्मिक सामंजस्य बनाए रखने को लेकर भी स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि समाज में भाईचारे और शांति को बिगाड़ने का प्रयास करने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी तथा उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
नवागत एसएसपी ने जनपदवासियों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन पारदर्शिता, संवेदनशीलता और दृढ़ता के साथ कार्य करते हुए कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएगा।
Pramendra Singh Dobal ने संभाला एसएसपी देहरादून का कार्यभार







