पीआरडी का जवान 30 हजार की रिश्वत लेता गिरफ्तार, SI हुआ फरार








Listen to this article

नवीन चौहान.
विजिलेंस की टीम ने एक शिकायत के आधार पर जांच के बाद पीआरडी जवान को 30 हजार रूपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। जबकि इस मामले में आरोपी एसआई मौके से फरार हो गया। विजीलेंस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार एक महिला ने विजीलेंस में शिकायत दर्ज करायी थी कि बहादराबाद थाने की शांतरशाह पुलिस चौकी पर तैनात एसआई उनके खिलाफ दर्ज एक मुकदमे में धारा कम करने के नाम पर पैसे मांग रहा है। आरोपी एसआई का नाम पकंज कुमार बताया गया। जांच के बाद विजीलेंस ने शिकायत को सही पाते हुए आरोपियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ने के लिए जाल बिछा दिया।

जिसके बाद शिकायतकर्ता तय योजना के अनुसार एसआई से मिलने पहुंची। वहां एसआई ने 30 हजार की डिमांड की जिसे उसने पीआरडी जवान सुरेंद्र को देने के लिए कहा। जैसे ही ये पैसे पीआरडी जवान को दिये विजीलेंस की टीम ने उसे पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि इस दौरान एसआई पंकज कुमार भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। फिलहाल विजीलेंस द्वारा दोनों के खिलाफ केस दर्ज किये जाने की बात कही जा रही है।