गर्भवती महिलाओं को जल्दी सरकारी अस्पताल में मिलेगी अल्ट्रासाउंड की सुविधा








Listen to this article

अल्मोड़ा
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि जिला खनन न्यास की प्रत्येक राशि का उपयोग शिक्षा, चिकित्सा, पर्यटन विकास और जनोपयोगी कार्यों के लिए ही किया जाएगा। जनपद के चहुमुखी विकास में इस निधि का पारदर्शी व प्रभावी उपयोग हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
वे मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला खनन न्यास की शासी परिषद की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

बैठक में विभिन्न विभागों से प्राप्त प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी अंशुल ने कहा कि खनन न्यास से 3 करोड़ रुपए से अधिक की धनराशि शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन संवर्धन और खेल विकास जैसे सार्वजनिक हित के कार्यों पर व्यय करने के प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई है।

जिला अस्पताल में 3D अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराने का निर्णय

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि खनन न्यास से जिला अस्पताल के लिए आधुनिक 3D अल्ट्रासाउंड मशीन की खरीद की स्वीकृति दी गई है।
उन्होंने कहा, “इस मशीन के स्थापित होने से गर्भवती महिलाओं, गंभीर मरीजों तथा दूरदराज से आने वाले नागरिकों को अत्यधिक लाभ मिलेगा। स्वास्थ्य सेवाओं में यह एक महत्वपूर्ण सुधार साबित होगा।” उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि मशीन की खरीद से संबंधित सभी प्रक्रियाएं नियमानुसार और शीघ्र पूरी की जाएं।

विद्यालयों में अस्थायी शिक्षकों की तैनाती को मंजूरी

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने खनन न्यास के माध्यम से राजकीय विद्यालयों में अस्थायी शिक्षकों की तैनाती हेतु भी धनराशि स्वीकृत की। उन्होंने कहा कि “गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रणाली सुनिश्चित करने के लिए शिक्षक उपलब्धता अनिवार्य है, और खनन न्यास इस दिशा में सहायक सिद्ध होगा।”

कोसी बैराज का डिसिल्टिंग कार्य भी खनन न्यास से

अल्मोड़ा जनपद की जीवनदायिनी कोसी नदी पर बने बैराज की डिसिल्टिंग का महत्वपूर्ण कार्य भी खनन न्यास से करवाने पर सहमति बनी। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने अधिशासी अभियंता सिंचाई को निर्देश देते हुए कहा कि इस कार्य को शीघ्र, गुणवत्तापूर्ण और तकनीकी मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए।

खनन न्यास के सदुपयोग पर सख्त निर्देश

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने स्पष्ट कहा कि खनन न्यास की धनराशि जनपद के समग्र विकास और जनहित के कार्यों में ही खर्च की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वीकृत धनराशि का पूर्णतः सदुपयोग सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में प्रस्तुत किए जाने वाले सभी प्रस्ताव प्रत्यक्ष रूप से जनहित से जुड़े हों, तभी उन्हें स्वीकृति प्रदान की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेश सयाना, उपजिलाधिकारी संजय कुमार, जिला खनन अधिकारी राहुल रावत सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।