हरिद्वार
कुंभ मेला 2027 को लेकर मेला प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है। लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए मेला क्षेत्र के घाटों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए लगातार निरीक्षण और व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को अपर मेलाधिकारी दयानन्द सरस्वती ने अभियंताओं की टीम के साथ पौड़ी जनपद स्थित स्वर्गाश्रम क्षेत्र के विभिन्न घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मेलाधिकारी सोनिका के निर्देशन में मेला प्रशासन द्वारा मेले की तैयारियों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान स्वर्गाश्रम क्षेत्र के वेद निकेतन घाट, गंगा दर्शन घाट, लक्ष्मी नारायण घाट, साधु समाज घाट, वानप्रस्थ घाट, बॉम्बे घाट और किरमोला घाट सहित कुल 16 प्रमुख घाटों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान घाटों की मौजूदा स्थिति, मरम्मत और सुधार कार्यों की आवश्यकता तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।
अपर मेलाधिकारी ने घाटों की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के दौरान इन घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचते हैं, इसलिए घाटों की मजबूती, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि घाटों की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण के कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए तथा सफाई व्यवस्था को नियमित और प्रभावी बनाए रखा जाए। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए घाटों पर पर्याप्त संख्या में मजबूत रेलिंग लगाने और जलधारा के निकट सुरक्षा चेन लगाने के निर्देश दिए, ताकि स्नान के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके।
अपर मेलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अभियंताओं को निर्देश दिया कि घाटों से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इसके साथ ही उन्होंने घाटों के आसपास प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, मार्गों की सुगमता और श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए, ताकि कुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को स्नान के दौरान बेहतर और सुरक्षित सुविधाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल, मेला कार्यालय के तकनीकी प्रकोष्ठ के सहायक अभियंता एस.के. तोमर, सिंचाई खंड दुगड्डा के सहायक अभियंता जिले सिंह सहित मेला प्रशासन और सिंचाई विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
कुंभ मेले की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, अपर मेलाधिकारी ने 16 घाटों का किया निरीक्षण




