प्रोफेसर हेमलता ही संभालेंगी गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के कुलपति की कुर्सी




Listen to this article

न्यूज 127. गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में चल रहे प्रशासनिक विवाद पर माननीय उच्च न्यायालय नैनीताल की खंडपीठ ने अंतरिम आदेश जारी कर आंदोलनरत कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। न्यायालय ने कुलपति प्रोफेसर हेमलता के पक्ष में फैसला सुनाते हुए उन्हें नियमित कुलपति की नियुक्ति तक कार्यवाहक कुलपति के रूप में कार्य करने का आदेश दिया है।

अधिवक्ता आदित्य सिंह ने बताया कि माननीय उच्च न्यायालय ने प्रोफेसर हेमलता को राहत देते हुए उन्हें कुलपति के पद पर बनाए रखा है। कर्मचारियों ने वीरवार को अदालत के इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे भारतीय न्याय प्रणाली और सच्चाई की जीत करार दिया। कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष रजनीश भारद्वाज और महामंत्री नरेंद्र मलिक ने बताया कि कर्मचारी पिछले 60 दिनों से न्याय की लड़ायी लड़ते हुए धरने पर बैठे थे।

कर्मचारी नेताओं अध्यक्ष रजनीश भारद्वाज और महामंत्री नरेंद्र मलिक ने कहा कि यह जीत सभी कर्मचारियों की एकजुटता का परिणाम है। उन्होंने इसे अन्याय के खिलाफ संघर्ष की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। न्यायालय के निर्णय की जानकारी मिलते ही समविश्वविद्यालय परिसर व कन्या गुरुकुल परिसर, देहरादून में कर्मचारियों ने ढोल-नगाड़े बजाकर जुलूस निकाला और मिठाइयाँ बाँटकर खुशी जताई। इस मौके पर कांग्रेस पार्टी के युवा नेता राहुल चौधरी, संजीव बाबा, जाट सभा पदाधिकारी, गुरुकुल विद्यालय विभाग के मुख्याधिष्ठाता डॉ. दीनानाथ शर्मा, शिक्षक संघ पदाधिकारी और विद्यालय विभाग के शिक्षक धरने स्थल पर पहुँचे और कर्मचारियों को बधाई दी।