नवीन चौहान
हरिद्वार। मुख्य विकास अधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जनपद में 28 जनवरी से 03 फरवरी तक चलने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों के अलावा प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान की समीक्षा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ कलक्ट्रेट सभागार में की। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश कि जनपद में 0 से 5 वर्ष आयुवर्ग का कोई भी बच्चा पल्स पोलियों की खुराक पीने से नहीं छूटना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिये कि अभियान की व्यापक सफलता के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, जिला कार्यक्रम , अल्प संख्यक विभाग सहित सभी सम्बन्धित विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिये कि बूथ डे के दिन बूथ कवरेज पर विशेष ध्यान दिया जाय ताकि सभी अभिभावक अपने बच्चों को बूथ पर लाकर पोलियों की खुराक पिलवायें। उन्होंनें कहा कि आशा कार्यकत्रियों व अभियान में लगाये गये अन्य कर्मचारियों को बूथ डे पर विशेष फोकस देने के लिए प्रेरित किया जाय। अभियान की सफलता हेतु ब्लॉक स्तर पर बैठकों का आयोजन किया जाये।
दूसरी बैठक में सीडीओ ने सरकारी और प्राईवेट सेक्टर के चिकित्सकों के साथ प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान की समीक्षा की। सीडीओ ने निर्देश देते हुए कहा कि जनपद को मातृत्व सुरक्षा के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए सरकारी और प्राईवेट दोनों ही क्षेत्र के महिला चिकित्सकों को महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी। माता एवं शिशु स्वास्थ्य, सुरक्षित गर्भावस्था एवं प्रसव की दर को बढ़ाना हमारी प्राथमिकता है। सीडीओ ने सभी चिकित्सकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि निजी एवं सरकारी चिकित्सालयों में गर्भावस्था के दौरान हाई रिस्क प्रेगनेंसी वाली महिलाओं को चिन्हित किया जाये। ऐसी महिलाओं के परामर्श पर्ची को विशेष रंग से मार्क किया जाये, जिससे प्रसव के दौरान चिकित्सक उक्त महिला की प्रसूति जटिलताओं को समझ सके व उपचार प्रदान किया जा सके। हाई रिस्क में आने वाली गर्भवती महिलाओं को आशा, एनएनम द्वारा आवश्यक जांचों पर परामर्श हेतु चिकित्सक के यहां अपने साथ ले जाना अनिवार्य होगा ऐसा न होने पर सम्बंधित क्षेत्र की आशा व एएनएम के विरूद्ध कार्रवाई अमल में लायी जायेगी।
बैठक में एडीएम भगवत किशोर मिश्रा, सीएमओ अशोक कुमार गैरोला, एसीएमओ अशोक कुमार, सीएमएस डॉ0 भवानी पाल, प्राईवेट सेक्टर से डॉक्टर रिचादीप,डॉ0 सीमा सलार, डॉ0 मनीषा अग्रवाल, डॉ0 शिल्पा शर्मा, डॉ0 प्रीति व डॉ0 कावेरी आदि उपस्थित थे।