एकतरफा प्यार में पागल प्रेमी ने ले ली प्रेमिका की जान








Listen to this article

नवीन चौहान
एक तरफा प्यार में पागल युवक का पागलपन एक युवती की जान ले बैठा। अपनी सनक में सिरफिरे युवक ने युवती के घर में घुसकर उसकी हत्या कर दी। युवती को मारने के बाद आरोपी ने खुद का गला भी काट लिया, लेकिन आरोपी बच गया। आरोपी को इलाज के लिए एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने युवती की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या करने की वजह भी सामने आ गई है। आरोपी युवक ने युवती को शादी करने के लिए कहा था लेकिन युवती ने शादी करने से इन्कार कर दिया था। यह बात युवक के ईगो को हर्ट कर गई, और उसने उसी वक्त युवती की हत्या करने मन बना लिया था। घटना बनखंडी इलाके की है। बुधवार सुबह अजय यादव नाम का युवक धार वाला हथियार लेकर बनखंडी में रहने वाली युवती के घर पहुंचा। युवती को देखते ही युवक ने उस पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। खून से लतपथ युवती वहीं गिर पड़ी। युवती की मौत के बाद अजय ने खुद का गला भी काट लिया। खुदकुशी की कोशिश में वो गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी इस वक्त एम्स अस्पताल में भर्ती है, जहां उसका इलाज चल रहा है। आरोपी युवक अजय यादव बापूग्राम का रहने वाला है।
घटना के वक्त युवती घर पर अकेली थी। पिता सुखराम कहीं गए हुए थे, जबकि मां मॉर्निंग वॉक पर गई थीं। मकान के फर्स्ट फ्लोर पर उनका किराएदार रवि दीक्षित मौजूद था। सुबह साढ़े छह बजे आरोपी अजय घर में घुस गया और युवती को पीटने लगा। युवती की चीख-पुकार सुन किराएदार मौके पर पहुंचा, पर तब तक आरोपी अजय युवती को लेकर कमरे में चला गया और कमरा अंदर से बंद कर लिया। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, युवती मर चुकी थी। मरने वाली युवती छिद्दरवाला के पास एक स्कूल में पढ़ाती थी। आरोपी युवक भी अध्यापक था उसका युवती के घर आना-जाना था। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रख मामले की जांच कर रही है।