रानीपुर।
रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधायक आदेश चौहान ने बुधवार को अपने विधानसभा क्षेत्र में बनने वाली तीन प्रमुख सड़कों का विधिवत पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। लगभग 40 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इन सड़कों से हजारों स्थानीय निवासियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
इन निर्माण कार्यों के अंतर्गत रावली महदूद स्थित राजपूत विहार, शिवालिक नगर नगरपालिका के वार्ड संख्या 12 में देवनगर क्षेत्र तथा बहादराबाद क्षेत्र में हाईवे से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और थाना बहादराबाद तक सड़क का निर्माण कराया जाएगा। लंबे समय से इन क्षेत्रों के लोग जर्जर और अपर्याप्त सड़कों के कारण परेशान थे, जिससे दैनिक आवागमन, आपातकालीन सेवाओं और स्थानीय गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था।
कार्यक्रम में विधायक आदेश चौहान ने कहा कि उत्तराखंड सरकार क्षेत्र के समग्र विकास और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सड़क किसी भी क्षेत्र के विकास की रीढ़ होती है और बेहतर सड़क नेटवर्क से न केवल लोगों की आवाजाही आसान होती है, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाएगा।
विधायक आदेश चौहान ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र के प्रत्येक गांव और वार्ड तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है, ताकि नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में पारदर्शिता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। स्थानीय नागरिकों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान रावली महदूद प्रमोद पाल, ग्राम प्रधान बहादराबाद नीरज चौहान, नगरपालिका शिवालिकनगर की सभासद गरिमा सिंह, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि चमन चौहान, सहकारी समिति के चेयरमैन अनिल चौहान, मंडल अध्यक्ष वरुण वशिष्ठ, महामंत्री चेतन चौहान, ईश्वर चौहान, सुनील कुमार, शोभित चौहान, सूरज नेगी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।






