देहरादून।
पुलिस प्रशासन को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षक और उप निरीक्षक स्तर के अधिकारियों के स्थानांतरण आदेश जारी किए गए। जारी आदेशों के अनुसार थाना रानीपोखरी में नए प्रभारी निरीक्षक की तैनाती की गई है, जबकि वर्तमान थानाध्यक्ष को पुलिस कार्यालय की अन्य शाखा में स्थानांतरित किया गया है।
मीडिया सेल देहरादून की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार निरीक्षक राजेंद्र सिंह खोलिया को थाना रानीपोखरी का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। उन्हें तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, वर्तमान में रानीपोखरी थाने में तैनात उप निरीक्षक विकेंद्र चौधरी को थानाध्यक्ष रानीपोखरी के पद से हटाकर एसआईएस शाखा, पुलिस कार्यालय में स्थानांतरित किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र डोबाल ने स्थानांतरित अधिकारियों को अपने-अपने नवीन तैनाती स्थल पर शीघ्र कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि यह फेरबदल प्रशासनिक कार्यों को सुचारु और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है।
पुलिस विभाग में फेरबदल, थाने को मिला नया प्रभारी




