हरिद्वार
कलियर से पूर्व भाजपा प्रत्याशी एवं ओबीसी मोर्चा भाजपा के सह-प्रभारी मुनीष कुमार सैनी की पहल पर कलियर के 21 गांवों की सड़क और चौराहें रोशनी से सराबोर होंगे। गांव की सड़कों से अंधेरा दूर होगा और ग्रामीणों को समस्याओं से निजात मिलेगी। जल्द ही इन तमाम गांवों में सोलर लाइट जगमगाने लगेगी। पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र के सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत मुख्य विकास अधिकारी, हरिद्वार को पत्र प्रेषित कर कलियर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न गांवों के प्रमुख चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सोलर लाइटें स्थापित कराए जाने के निर्देश देने का अनुरोध किया है।

कलियर से पूर्व भाजपा प्रत्याशी एवं ओबीसी मोर्चा भाजपा के सह-प्रभारी मुनीष कुमार सैनी ने हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत से कलियर विधानसभा क्षेत्र के 21 गांवों में सोलर लाइटों की आवश्यकता बताई। उन्होंने कलियर के बढ़ेडी राजपूतान, शांतारशाह, बहादुरपुर सैनी, मुलदासपुर माजरा, भौरी, कलियर, रहमतपुर, बेडपुर, मेहवड़ कला, नागल नरेवर्ड, बाजुहेडी, इमली खेड़ा धर्मपुर, संघडवाला, मोहम्मदपुर पांड, धनौरी, धनौरा, मजरी, गुम्मावाला, ढण्डेरी ख्वाजगीपुर, केल्हनपुर तथा मगरूमपुर समेत कई इलाकों में सोलर लाइटों की समस्या बताई। जिसमें ग्रामवार आवश्यकता के अनुसार दो से चार सोलर लाइटें स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया है।
सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने जनता की समस्या पर संजीदगी दिखाई। जिसके संबंध में उन्होंने तत्काल मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ होने से न केवल सुरक्षा बढ़ेगी, बल्कि सामाजिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही सोलर ऊर्जा के उपयोग से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी सकारात्मक संदेश जाएगा।







