दो भाईयों की हत्या करने वाला साजिद पुलिस मुठभेड़ में ढेर




Listen to this article

नवीन चौहान.
उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में मंगलवार की शाम कलेजा चीर देने वाली खबर सामने आने के बाद हड़कंप मचा है। यहां एक सैलून चलाने वाले युवक ने पड़ोस में रहने वाले ठेकेदार के दो सगे बेटों आयुष (13) और अहान (6) की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना स्थल पुलिस चौकी से करीब 500 मीटर दूर का बताया गया है।

जानकारी के अनुसार ठेकेदार के मकान के सामने हेयर सैलून चलाने वाले साजिद ने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। इस घटना के बाद लोगों को गुस्सा उबल गया उन्होंने हंगामा करते हुए आगजनी की। घटना के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आ गई और वारदात के तीन घंटे के बाद पुलिस ने मौके से करीब दो किमी दूर घेराबंदी कर आरोपी साजिद को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। इस मुठभेड़ में इंस्पेक्टर गौरव विश्नोई भी घायल हुए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जघन्य अपराध को अंजाम देने वाले साजिद को पुलिस ने मंगलवार रात मुठभेड़ में मार गिराया जबक उसका भाई जावेद फरार है। घटना के वक्त जावेद भी विनोद के घर पर था। जावेद की तलाश में एसओजी के अलावा पुलिस की तीन टीमें जुटी हैं। आरोपियों के घर खाली पड़े हैं। परिजन भी भाग गए हैं। पुलिस घटना के पीछे की वजह पता करने में भी जुटी है। घटना के समय ठेकेदार विनोद घर पर नहीं था वह काम के सिलसिले में बाहर गया हुआ था।