श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने पूर्व सांसद को दिया आशीर्वाद, मां मनसा की चुनरी और प्रसाद




Listen to this article

राजनीति के साथ समाजसेवा में भी अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं पूर्व सांसद: श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज

हरिद्वार।
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्री महंत रविंद्र पुरी जी महाराज ने भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह को आशीर्वाद दिया। मां मनसा देवी की चुनरी, मूर्ति और प्रसाद दिया। पूर्व सांसद के उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि राजनीति और समाजसेवा में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए शुभकामनाएं दी।

बताते चले कि पूर्व सांसद ब्रज भूषण शरण सिंह इन दिनों उत्तराखंड प्रवास पर हैं। मंगलवार को हरिद्वार आगमन के दौरान उन्होंने कई प्रमुख संतों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया और उत्तर प्रदेश के गोंडा में आयोजित की जा रही “सनातन ज्ञान विज्ञान छात्र उत्थान राष्ट्रीय कथा” में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

हरिद्वार प्रवास के दौरान ब्रजभूषण शरण सिंह निरंजनी अखाड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज से भेंट की। उन्होंने महाराज से आशीर्वाद लेते हुए उन्हें गोंडा में होने वाली कथा में आने का निमंत्रण प्रदान किया।

इस अवसर पर श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने पूर्व सांसद को मां मनसा देवी की चुनरी ओढ़ाकर और देवी मूर्ति भेंटकर आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि ब्रजभूषण शरण सिंह राजनीति के साथ-साथ समाजसेवा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनका संत समाज और धर्म परंपराओं के प्रति समर्पण प्रशंसनीय है।

पूर्व सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह ने कहा कि सनातन धर्म की परंपराओं और संस्कृति के संरक्षण-संवर्द्धन में संत-महापुरुषों की सदैव महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष के रूप में धर्म, संस्कृति और अध्यात्म के उत्थान में निर्णायक भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रयागराज महाकुंभ का दिव्य और भव्य आयोजन, जो श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ, उसने पूरे विश्व में सनातन धर्म की प्रतिष्ठा और गौरव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।

हरिद्वार प्रवास के दौरान पूर्व सांसद ने कई अन्य संतों से भी भेंट कर आशीर्वाद लिया। संत समाज ने ब्रजभूषण शरण सिंह के सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें धर्मनिष्ठ एवं जनसेवा के प्रति समर्पित बताया।