सिडकुल पुलिस ने दबोचा 15 लाख की धोखाधड़ी का इनामी आरोपी








Listen to this article


हरिद्वार।
नए कप्तान नवनीत भुल्लर के नेतृत्व में जनपद पुलिस अपराधियों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी क्रम में थाना सिडकुल पुलिस ने फोरेक्स ट्रेडिंग एवं सेर्मस की खरीद-फरोख्त के नाम पर 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी वर्ष 2024 से लगातार फरार चल रहा था और पुलिस से बचने के लिए ठिकाने बदल-बदल कर रह रहा था। एसएसपी ने पुलिस टीम को पांच हजार का इनाम देने की घोषणा की है।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2024 में शिकायतकर्ता राकेश कुमार द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर मोहित अग्रवाल सहित अन्य के खिलाफ थाना सिडकुल में मु0अ0सं0-281/24, धारा 406 एवं 420 भादवि के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। आरोप है कि आरोपी ने फोरेक्स ट्रेडिंग और सेर्मस की खरीद के नाम पर 15 लाख रुपये की धनराशि हड़प ली।
मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही नामजद आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस टीम द्वारा संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी गई, किन्तु आरोपी पुलिस कार्रवाई से पहले ही अपने ठिकाने बदल देता था। लगातार फरारी के चलते वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। साथ ही विवेचक द्वारा माननीय न्यायालय से गैर-जमानती वारंट भी प्राप्त किए गए।
पुलिस की निरंतर सक्रियता और मुखबिर तंत्र की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी मोहित अग्रवाल (उम्र 42 वर्ष) पुत्र सीताराम अग्रवाल, निवासी इवोनी ग्रीन अपार्टमेंट, शाहपुर बम्हेटा, थाना वेव सिटी, गाजियाबाद (उ0प्र0) को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी उत्तर प्रदेश के थाना वेव सिटी क्षेत्र से की गई। आरोपी को आज माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
थानाध्यक्ष नितेश शर्मा, व0उ0नि0 देवेन्द्र तोमर, अपर उ0नि0 सुभाष रावत
होमगार्ड आफताब