सिपाही से अपराध की दुनिया तक का देवपाल का आपराधिक सफर, जानिये पूरी खबर




Listen to this article

नवीन चौहान

हरिद्वार। इंसान को उसके कर्मो की सजा किस तरह मिलती है इसका अंदाजा आप देवपाल राणा की हत्या को देखकर लगा सकते है। कभी उत्तर प्रदेश के अविभाजित राज्य में खाकी का जवान रहा देवपाल राणा जरायम की दुनिया में पेशेवर अपराधी बन गया। अपराध के दलदल में ऐसे उतरा कि पुलिस महकमे को 20 हजार का इनाम घोषित करना पड़ा। आरोपी देवपाल राणा के अपराध की हिस्ट्री बहुत बडी है। उस पर हत्या, लूट रंगदारी और गैगेस्टर के करीब दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज है। वह वेस्ट यूपी के कुख्यात बदमाश सुनील राठी गैंग का अहम सदस्य बन गया था। लेकिन पुलिस के सिपाही से बदमाश बने देवपाल राणा को खुद बदमाशों की गोली ने ही मौत की गहरी नींद में सुला दिया।
रूड़की कोर्ट परिसर में पेशी पर आये एक व्यक्ति देवपाल राणा निवासी बहेड़ी मजमाटा मड़गांव हाल निवासी कजरा थाना देवबंद जिला सहारनपुर की तीन युवकों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरपा कर हत्या कर दी। बदमाशों की गोली से मरने वाला देवपाल राणा एक पेशेवर अपराधी था। देवपाल अविभाजित उत्तर प्रदेश में पुलिस का ही एक सिपाही था। लेकिन देवपाल को पुलिस की वर्दी रास नहीं आई। वह अपराधियों से संबंध रखने लगा तथा बदमाशों की मदद करने लगा। देवपाल के इसी कारनामों के चलते पुलिस महकमे से उसको बर्खास्त कर दिया गया। पुलिस से बर्खाश्त होने के बाद वह पेशेवर अंदाज में जरायम की दुनिया में प्रवेश कर गया। देवपाल राणा ने वेस्ट यूपी के कुख्यात बदमाश सुनील राठी गैंग में शामिल हो गया। गैंग का सदस्य बनने के बाद रंगदारी, हत्या, अवैध हथियारों रखने और जनता को डराने धमकाने लगा। जिसके बाद पुलिस महकमे में देवपाल का आपराधिक इतिहास बनना शुरू हो गया। देवपाल राणा के अपराधों की कहानी यूपी के सहारनपुर, मुजफफरनगर, हरिद्वार रूडकी के गंगनगर, शामली के थानों में पुलिस रिकार्ड में दर्ज है। वो दिन भी आया जब उत्तराखंड पुलिस को इस देवपाल राणा पर 20 हजार का इनाम घोषित करना पड़ा। लेकिन देवपाल राणा का अपराध की जगत में काम कम नहीं हुआ। दिन प्रतिदिन उसका आतंक बढता ही जा रहा था। इसी पुलिस के सिपाही से एक पेशेवर अपराधी बने देवपाल राणा का अंत बदमाशों की गोली से ही हुआ। इसी के साथ पुलिस रिकार्ड से एक अपराधी का अध्याय खत्म हो गया। लेकिन पुलिस के लिये एक काम छोड़ गया। वह काम है उसकी हत्या करने वाले बदमाशों को पकड़ना और हत्या की वजह को स्पष्ट करना। पुलिस ने देवपाल राणा की हत्या करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि फरार अपराधियों की तलाश में दबिश दे रही है। एसएसपी कृष्ण कुमार वीके ने बताया कि देवपाल राणा पेशेवर अपराधी था। उसने हरिद्वार, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, जनपदों के विभिन्न थानों में करीब दो दर्जन से भी ज्यादा मुकदमें दर्ज है। पुलिस हत्या करने वाले फरार अपराधियों की तलाश में दबिश दे रही है।