आप्रेशन सिंदूर के नायक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के 73वें जन्मदिन पर विशेष




Listen to this article

न्यूज127
भारतीय राजनीति के एक मजबूत स्तंभ और देश के समर्पित सपूत राजनाथ सिंह आज अपना 73वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनके दीर्घ और उल्लेखनीय राजनीतिक सफर ने न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश में जनसेवा और नेतृत्व की नई मिसाल कायम की है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से लेकर केंद्रीय गृह मंत्री और रक्षा मंत्री की कुर्सी तक के राजनैतिक सफर में कई उतार चढ़ाव देखे। नेकदिल राजनाथ सिंह के दिल में देशसेवा की भावना कूट—कूट कर भरी है।

राजनीतिक जीवन की शुरुआत और युवा दौर
राजनाथ सिंह ने 1975 में मात्र 24 वर्ष की आयु में जनसंघ के मिर्जापुर जिला अध्यक्ष के रूप में राजनीति में कदम रखा। 1977 में वे 26 वर्ष की उम्र में मिर्जापुर विधानसभा से पहली बार विधायक निर्वाचित हुए। युवा मोर्चा के सचिव (1983) और प्रदेश अध्यक्ष (1984) बनकर उन्होंने युवाओं को राजनीति से जोड़ने का कार्य किया। 1988 में 37 वर्ष की आयु में विधान परिषद सदस्य (MLC) चुने गए।

राज्य और केंद्र में नेतृत्व
1991 में वे उत्तर प्रदेश के शिक्षा मंत्री बने, जहाँ उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में कई सुधारों की शुरुआत की। 1994 में राज्यसभा सांसद के रूप में सेवा देते हुए उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। 1997 में प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भाजपा को मजबूत किया। 2000 में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद का दायित्व संभाला, जहाँ उन्होंने प्रदेश के विकास और कानून व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया।

केंद्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण भूमिका
राजनाथ सिंह ने 2003 में केंद्रीय कैबिनेट मंत्री के रूप में देश सेवा की नई ऊँचाई प्राप्त की। 2005 में वे राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए और भाजपा को एक मजबूत राजनीतिक दल के रूप में स्थापित किया। 2013 में फिर से राष्ट्रीय अध्यक्ष पद संभाला। भाजपा को केंद्र की सत्ता पर काबिज कराने में उनका महत्वपूर्ण योगदान है। साल 2014 में भाजपा को प्रचंड बहुमत से केंद्र की सत्ता पर काबिज कराया और प्रधानमंत्री की कुर्सी पर नरेंद्र मोदी को सुशोभित कराया। भाजपा ने साल 2014 में राजनाथ सिंह को गृह मंत्री के रूप में देश की सेवा करने का अवसर प्रदान किया। गृह मंत्री के पद पर उन्होंने देश की आंतरिक सुरक्षा और नीतियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

रक्षा मंत्री के रूप में सेवाएं
2019 में वे देश के रक्षा मंत्री बने और 2024 में दूसरी बार इस महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त हुए। उन्होंने भारत की सुरक्षा-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ आधुनिककरण और आत्मनिर्भर रक्षा उद्योग को बढ़ावा देने में अपना योगदान दिया है।

प्रेरणा और समर्पण का प्रतीक
राजनाथ सिंह का जीवन देशभक्ति, सेवा और नेतृत्व का प्रेरणादायक उदाहरण है। उनका राजनीतिक सफर युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है, जिन्होंने संघर्षों और चुनौतियों को पार कर देश की सेवा को अपना धर्म माना।

जन्मदिन पर शुभकामनाएं
देश के प्रत्येक नागरिक, भाजपा के कार्यकर्ता एवं नेता, और समस्त देशभक्त माननीय राजनाथ सिंह जी को उनके जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घ जीवन की कामना करते हैं।