एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने हादसे के जिम्मेदार लोगों पर दर्ज कराया मुकदमा








Listen to this article

न्यूज127
बेतालघाट स्थित मिनी स्टेडियम में 16 फरवरी को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भारी अव्यवस्था और भीड़ के दबाव से स्टेडियम की दीवार ढह गई, जिसमें छह लोग घायल हो गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए डॉ. मंजूनाथ टीसी (वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल) ने तत्काल संज्ञान लेकर संबंधित आयोजकों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत करने के निर्देश दिए।
बिना अनुमति आयोजित हुआ कार्यक्रम
पुलिस के अनुसार मिनी स्टेडियम बेतालघाट में “आरम्भ विधानसभा सम्मेलन 2027” नामक कार्यक्रम का आयोजन बाबा हेल्प देम फाउण्डेशन के मुख्य आयोजक एवं संस्थापक शीलू कुमार तथा तारा भण्डारी, निवासी बेतालघाट द्वारा किया गया। यह कार्यक्रम बिना सक्षम प्रशासनिक अनुमति एवं स्थानीय थाना की स्वीकृति के आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम में लगभग 6000 लोगों को आमंत्रित किया गया था। लोकगायन के साथ कम्बल वितरण किया जा रहा था, लेकिन आयोजकों द्वारा भीड़ नियंत्रण, निजी सुरक्षा तथा आपातकालीन प्रबंधन के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए।
अव्यवस्थित वितरण से बढ़ी भीड़, दीवार गिरी
कार्यक्रम का संचालन तारा भण्डारी द्वारा किया जा रहा था। आरोप है कि आयोजक शीलू कुमार के साथ नरेश पाण्डे एवं अन्य व्यक्तियों द्वारा अव्यवस्थित ढंग से कम्बल वितरण किए जाने से भारी भीड़ एक स्थान पर एकत्र हो गई। भीड़ का दबाव बढ़ने पर स्टेडियम की दीवार अचानक ढह गई, जिसके मलबे में दबकर छह लोग घायल हो गए।
घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी और अराजकता की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए घायलों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
प्रकरण में क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रा०र०द० अधिकारी बेतालघाट कुन्दन कुमार की तहरीर के आधार पर थाना बेतालघाट में धारा 125(क)(ख), 190, 292 बीएनएस तथा धारा 3(2) लोक सम्पत्ति को नुकसान निवारण अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस के अनुसार लापरवाहीपूर्ण कृत्य से आमजन की जान को खतरे में डालने एवं सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोपों की विवेचना की जा रही है। दोषियों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पुलिस की अपील
एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने आमजन से अपील की है कि बड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन से पूर्व सक्षम प्रशासनिक अनुमति अवश्य प्राप्त करें तथा भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें। नियमों की अनदेखी करने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।