100–150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले, करीब 13 लाख के जेवरात व नगदी बरामद
नैनीताल।
जनपद में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मुखानी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस ने घर में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 13 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात और नगदी बरामद की गई है।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने प्रेस वार्ता कर चोरी की घटना का खुलासा किया। बताया कि आदर्श कॉलोनी गौड़धड़ा विठोरिया नंबर-1, थाना मुखानी निवासी हेमचंद्र लोहनी पुत्र भुवन चंद्र ने 12 मार्च 2026 को थाना मुखानी में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि वह 2 मार्च से 5 मार्च तक अपने पैतृक गांव थापला ताकुला जिला अल्मोड़ा गए हुए थे। 5 मार्च को जब वह घर वापस लौटे तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था और अंदर रखे सोने के आभूषण व नगदी गायब थे।
इस तहरीर के आधार पर थाना मुखानी में एफआईआर संख्या 23/26 धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक वीरेंद्र चंद्र को सौंपी गई।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने चोरी की घटना के शीघ्र खुलासे के लिए एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल को विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए।
क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडेय के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटना स्थल के आसपास लगे करीब 100 से 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए संदिग्ध की पहचान की। साथ ही मैनुअल इंटेलिजेंस और अन्य माध्यमों से भी आरोपी की तलाश की गई।
जांच के दौरान 13 मार्च को पुलिस टीम को हल्दीखाल जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम गौरव कुमार (25 वर्ष) पुत्र संतोष कुमार निवासी चौपला चौराहा दमुवादुंगा, जवाहर ज्योति काठगोदाम, जिला नैनीताल बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी किए गए पीली धातु के आभूषण और 2250 रुपये नगद बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मंगलसूत्र, दो पौंची, एक नथ व बैग टीका, दो जोड़ी झुमके, एक सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल फोन और नगदी बरामद की है।
जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी थाना काठगोदाम में एफआईआर संख्या 116/24 धारा 305(ए)/331(4)/317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी संबंधित थानों से जुटाई जा रही है।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सुशील जोशी, उपनिरीक्षक वीरेंद्र चंद्र, कांस्टेबल रोहित कुमार, कांस्टेबल बलवंत सिंह, कांस्टेबल धीरज सुगड़ा, कांस्टेबल रविंद्र खाती तथा कांस्टेबल अरविंद (एसओजी तकनीकी सहायता व सर्विलांस) शामिल रहे। चोरी के सफल खुलासे पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम को 2000 रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।




