एसएसपी मंजूनाथ टीसी की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति, 12 घंटे में दबोचा आरोपी








Listen to this article

पुरानी रंजिश में कार सवार पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश, आरोपी के पास से अवैध तमंचा भी बरामद
पथ प्रवाह, नैनीताल
नैनीताल पुलिस ने कालाढूंगी क्षेत्र में कार सवार युवक पर ट्रैक्टर से जानलेवा हमला करने के मामले का त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को मात्र 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर के साथ एक अवैध तमंचा भी बरामद किया है।


एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के तहत कोतवाली कालाढूंगी पुलिस ने चकलुवा क्षेत्र में हुई गंभीर वारदात का तेजी से संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की।
घटना 31 मार्च 2026 की रात करीब 9:30 बजे की है, जब लच्छमपुर निवासी हिमांशु देऊपा अपनी नई कार से चकलुवा स्थित पहाड़ी ढाबे पर भोजन करने पहुंचे थे। इसी दौरान प्रतापपुर निवासी प्रवीण सिंह देऊपा ने पुरानी रंजिश के चलते ट्रैक्टर से उनकी कार पर बार-बार टक्कर मारते हुए जान से मारने का प्रयास किया। इस हमले में कार सवार हिमांशु और उनके साथी घायल हो गए, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली कालाढूंगी में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डॉ० जगदीश चंद्र एसपी क्राइम एवं मनोज कुमार कत्याल एसपी हल्द्वानी और अन्य अधिकारियों की निगरानी में पुलिस टीमों का गठन किया गया। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर जांच के लिए भेजा गया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर कार्रवाई करते हुए 1 अप्रैल को आरोपी प्रवीण सिंह देऊपा को नैनीताल मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा भी बरामद हुआ, जिसके संबंध में अलग से शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच खनन सामग्री को लेकर पहले से विवाद चल रहा था, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।
एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने इस घटना पर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि जनपद में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के आपराधिक कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी।
आरोपियों की गिरफ्तारी में सुमित पांडे सीओ रामनगर तथा अरुण कुमार सैनी प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी की अहम भूमिका रही, जबकि पुलिस टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक पंकज जोशी (कालाढूंगी), एसआई राजेश जोशी प्रभारी एसओजी, एसआई राजवीर नेगी प्रभारी चौकी बैलपड़ाव, एसआई पूजा रानी (कालाढुंगी), एएसआई कैलाश चंद्र भट्ट (कालाढूंगी), कांस्टेबल अमनदीप (कालाढूंगी), किशन गोस्वामी (कालाढूंगी), अखिलेश तिवारी (कालाढूंगी), अरविंद बिष्ट (एसओजी) शामिल रहे।