एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने पुलिस उपाधीक्षकों के कार्यक्षेत्र में किया बदलाव








Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
जनपद हरिद्वार में नव नियुक्त पुलिस उपाधीक्षक के जनपद आगमन के उपरांत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में आवश्यक प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। इस पुनर्वितरण का उद्देश्य पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी, संतुलित और जनहितकारी बनाना है, ताकि कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा सके।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि जितेंद्र चौधरी को पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो जनपद में संचालित पुलिस अभियानों एवं विशेष कार्यवाहियों की निगरानी करेंगे। निशा यादव को पुलिस अधीक्षक (तकनीकी एवं महिला सुरक्षा) नियुक्त किया गया है, जिनके दायित्वों में तकनीकी संसाधनों का बेहतर उपयोग, साइबर अपराधों पर नियंत्रण तथा महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई शामिल रहेगी।
सुरेंद्र प्रसाद बलूनी को क्षेत्राधिकारी सदर, लाइन एवं कार्यालय का कार्यभार सौंपा गया है। वहीं संजय चौहान को क्षेत्राधिकारी सर्किल ज्वालापुर के साथ-साथ आंकिक कार्यालय की जिम्मेदारी दी गई है। नताशा सिंह को क्षेत्राधिकारी सर्किल रुड़की, अभिनय चौधरी को क्षेत्राधिकारी सर्किल मंगलौर तथा देवेंद्र सिंह नेगी को क्षेत्राधिकारी सर्किल लक्सर नियुक्त किया गया है।
इसी क्रम में विपेंद्र सिंह को क्षेत्राधिकारी यातायात, कुंभ मेला 2027 की तैयारियों एवं थाना बुग्गावाला की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।