महिला पर्यटक से दुष्कर्म के प्रयास का आरोपी टैक्सी चालक 10 घंटे में गिरफ्तार, एसएसपी ने कहा—पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता








Listen to this article


नैनीताल।
नैनीताल में महिला पर्यटक के साथ दुष्कर्म का प्रयास, मारपीट और लूट की गंभीर घटना के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी टैक्सी चालक को मात्र 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 मार्च 2026 को एक महिला पर्यटक दिल्ली से देहरादून होते हुए बस के माध्यम से हल्द्वानी पहुंची। इसके बाद वह ऑटो से काठगोदाम पहुंची और वहां से नैनीताल जाने के लिए एक टैक्सी किराये पर लेकर रात में काठगोदाम से नैनीताल के लिए रवाना हुई।
बताया गया कि रात करीब 1:30 बजे वल्दियाखान के पास टैक्सी चालक ने वाहन को नैनीताल ले जाने के बजाय पटवाडांगर की सुनसान सड़क की ओर मोड़ दिया। जब महिला ने इसका विरोध किया तो चालक ने वाहन रोककर उसके साथ बदतमीजी की, मारपीट की और दुष्कर्म का प्रयास किया। इतना ही नहीं, आरोपी ने महिला का मोबाइल फोन भी लूट लिया ताकि वह किसी को घटना की सूचना न दे सके।
6 मार्च की सुबह स्थानीय लोगों की मदद से पीड़िता ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक टीम से निरीक्षण कराया गया तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए। पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना तल्लीताल में भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने डॉ. जगदीश चंद्र को तत्काल टीम गठित कर आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद मनोज सिंह नयाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरों, वाहन संख्या यूके04टीबी 5500 वैगनार और वाहन में लगे जीपीएस सिस्टम की मदद से जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी दीपक सिंह बोरा को पाइन्स-भवाली रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पीड़िता का लूटा हुआ मोबाइल फोन (वीवो वाई100) बरामद किया गया तथा घटना में प्रयुक्त वाहन को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक सिंह बोरा पुत्र नंदन सिंह बोरा निवासी गुजरीड़ा फतेहपुर, थाना मुखानी, जनपद नैनीताल (उम्र 39 वर्ष) के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष तल्लीताल मनोज सिंह नयाल के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सतीश उपाध्याय, महिला उपनिरीक्षक बबीता, अपर उपनिरीक्षक सुनील कुमार, कांस्टेबल बृजमोहन और कांस्टेबल परमजीत सिंह शामिल रहे।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई और मात्र 10 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि नैनीताल में पर्यटकों और आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे अपराध करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।