थार चालक ने ड्यूटी कर रहे पुलिस कर्मियों को मारी टक्कर, तीन घायल




Listen to this article

न्यूज 127.
देहरादून के थाना डालनवाला क्षेत्र के आराघर टी-जंक्शन पर आज सुबह वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस कर्मियों को एक तेज रफ्तार थार गाड़ी ने टक्कर मार दी। इसमें तीन पुलिस कर्मी गंभीर घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

चेकिंग के दौरान हुई घटना
जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 3ः45 बजे की बताई जा रही है। घायल पुलिस कर्मियों को पहले 108 एम्बुलेंस से पास के अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए सिनर्जी अस्पताल रेफर किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह स्वयं सिनर्जी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से मुलाकात कर उपचाराधीन पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को उनके इलाज में किसी भी प्रकार की कमी न रहने देने के निर्देश दिए।

थार का चालक गिरफ्तार
बताया गया कि आरोपित वाहन चालक की पहचान मोहम्मद उमर उर्फ ताहिर (36 वर्ष) पुत्र मोहम्मद रईस, निवासी 1 ई.सी. रोड, थाना डालनवाला, देहरादून के रूप में हुई है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और उसकी महिंद्रा थार को कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया है।

एसएसपी अजय सिंह ने घटना को बेहद गंभीर मानते हुए आरोपी पर कठोर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। डालनवाला पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। सिनर्जी अस्पताल में भर्ती तीनों घायल पुलिसकर्मियों हेड कांस्टेबल सुगनपाल, कांस्टेबल सचिन और कांस्टेबल कमला प्रसाद की हालत अब खतरे से बाहर और स्थिर बताई जा रही है।