दुष्कर्म पीड़िता से दरोगा ने वसूली 20 हजार रुपए की रिश्वत, एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ किया गिरफ्तार




Listen to this article

नवीन चौहान.
एंटी करप्शन की टीम ने एक दरोगा को रंगे हाथों बीस हजार रूपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी दरोगा एक दुष्कर्म पीड़िता से 20 हजार की रिश्वत ले रहा था।

जानकारी के अनुसार यूपी के स्वार थाना क्षेत्र के रामपुर मार्ग स्थित एक गांव की रहने वाले दुष्कर्म पीड़िता ने अपने देवर और जेठ पर दुष्कर्म और उत्पीड़न का आरोप लगाया था।

एडीजी के आदेश पर इस मामले में स्वार कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की थी। आरोप है कि विवेचना कर रहे दारोगा ने पीडिता के धारा 164 में बयान दर्ज कराने के नाम पर उससे 20 हजार रुपये की मांग की।

इसकी शिकायत पीड़िता ने एंटी करप्शन मुरादाबाद की टीम से की। जिसके बाद टीम ने दरोगा को रंगेहाथों पकड़ने के लिए अपना जाल बिछा दिया।

शुक्रवार की देर शाम योजना के तहत दरोगा शौकेंद्र सिंह को पीड़िता ने रिश्वत के पैसे देने के लिए तय स्थान पर बुलाया।

आरोपी दरोगा शौकेंद्र सिंह जैसे ही पीड़िता से रिश्वत के पैसे लिए तभी एंटी करप्शन की टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।

आरोप है कि इस दौरान दरोगा शौकेंद्र ने टीम के साथ हाथापाई भी की, लेकिन एंटी करप्शन टीम के आगे उसकी एक न चली।

हिरासत में दरोगा को लेने के बाद टीम उसे सिविल लाइंस कोतवाली पहुंची। जहां उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई।