किरायेदार ने खाली किया मकान, मालिक कमरे में गया तो देखकर उड़ गए होश




Listen to this article

नवीन चौहान.
किरायेदार मकान खाली कर चला गया और बाद में जब मकान मालिक कमरे में गया तो उसके उस वक्त होश उड़ गए जब एक अनाज की टंकी में उसे शव दिखायी दिया। शव की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्ज में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी।

यह घटना भगवानपुर के चांद कालोनी की है। मृतक के सिर पर किसी धारदार हथियार के निशान था। शव करीब चार दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, भगवानपुर कस्बे में थाने के पास चांद कालोनी है। इसी कालोनी में सिकंदर का तीन मंजिल मकान है। दो दिन पहले ही किरायेदार कमरा खाली करके गए थे।

पुलिस के मुताबिक शुक्रवार की रात मकान मालिक सिकंदर कमरे में गया तो एक अनाज की टंकी रखी देखी। उसने टंकी खोलकर देखी तो उसके होश उड़ गए। टंकी में एक युवक का शव था। उसने सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसएसपी अजय सिंह और एसपी देहात एसके सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया।

शव की शिनाख्त काफी मशक्कत के बाद नितिन भंडारी (30) निवासी चोरी खाल, पाबो, पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई। एसपी देहात ने बताया कि किरायेदारों की तलाश में पुलिस की टीम दबिश दे रही है। पुलिस को इस मामले में अहम सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। एसएसपी अजय सिंह का कहना है कि कुछ लोग इस मामले में चिन्हित हुए हैं, उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना की गई हैं।