हरिद्वार, 12 मार्च।
जनपद हरिद्वार में घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) की कोई कमी नहीं है। जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने बताया कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर गैस आपूर्ति को लेकर फैलाई जा रही भ्रामक सूचनाओं के बीच सभी गैस एजेंसियों से स्टॉक और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई है।
उन्होंने बताया कि जनपद में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और गैस वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य और सुचारू रूप से संचालित हो रही है। भारत सरकार के पेट्रोलियम मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार उपभोक्ताओं को गैस की डिलीवरी 25 दिनों के बाद नियमानुसार उपलब्ध कराई जाती है।
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं—
टोल फ्री: 1800-2333-555
एलपीजी बुकिंग/शिकायत: 7718955555
शिकायत अधिकारी के नंबर—
आईओसी: 9557947140
एचपीसीएल: 8655436284
बीपीसीएल: 8894334950
जिला पूर्ति अधिकारी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे पैनिक बुकिंग से बचें और केवल आवश्यकता के अनुसार ही गैस रिफिल बुक करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि गैस आपूर्ति से संबंधित जानकारी के लिए केवल जिला सूचना अधिकारी, आधिकारिक बुलेटिन या गैस कंपनियों के अधिकृत पोर्टल पर ही विश्वास करें।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि आपूर्ति विभाग हरिद्वार द्वारा गैस एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर एलपीजी की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि प्रत्येक उपभोक्ता को समय पर गैस मिल सके।
हरिद्वार में रसोई गैस की कोई किल्लत नहीं, पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध: जिलाधिकारी




