न्यूज 127.
एक पिता अपनी जवान बेटी की मौत के बाद उसके साथ सोता रहा। बेटी की मौत की खबर उसने अपने रिश्तेदारों को भी नहीं बतायी। शक होने पर जब रिश्तेदार घर पहुंचे तो अंदर के हालात देखकर उनके भी होश उड़ गए। अंदर कमरे से पुलिस ने बेटी के कंकाल को अपने कब्जे में ले लिया है और पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
यह घटना उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से सामने आयी है। यहां के सदर बाजार इलाके के तेली मोहल्ले में एक पिता अपनी जवान बेटी की मौत के बाद उसके शव का अंतिम संस्कार करने के बजाए पांच महीने तक कमरे में ही रखा। शव से दुर्गंध न आए इसलिए उस पर नल का पानी छोड़ दिया। शुक्रवार शाम रिश्तेदार घर पहुंचे, तब इस घटना खुलासा हुआ।
जानकारी के अनुसार मूल रूप से बंगाल के रहने वाले उदय भानु बिस्वास यूपी बोर्ड से क्लर्क के पद से रिटायर्ड हैं। उदय की पत्नी शर्मिष्ठा विश्वास की 13 साल पहले मौत हो गई थी। सितंबर में प्रियंका को पीलिया हुआ था। बीमार होने के बाद उसने स्कूल जाना बंद कर दिया था। बताया गया कि अक्तूबर में प्रियंका की मौत हो गई थी। 15 दिसंबर को उदय भानु घर पर ताला लगाकर चला गया था। शुक्रवार को प्रियंका के चचेरे भाई सुब्रतो ने उदय को दिल्ली रोड पर एक खोखे के पास के पास बैठे देखा। परिजन आरोपी को लेकर घर आ गए। सूचना पर पुलिस मौके पर आ गई।
परिजनों ने आरोपी से प्रियंका के बारे में जानकारी की। इस पर आरोपी पूरे परिवार को बहकाता रहा। परिजनों के अनुसार आरोपी कभी बेटी को देहरादून तो कभी गाजियाबाद के अस्पताल में भर्ती होने की बात करता रहा। पुलिस द्वारा सख्ती से पूछने पर उदय भानु ने बताया कि बेटी का शव कमरे के अंदर है। उसने इस दौरान किसी को भी घटना की जानकारी नहीं दी और बॉडी पर पानी चलाकर छोड़ दिया था। एसएसपी अविनाश पांडे का कहना है कि पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रियंका की मौत कैसे हुई, पूरा मामला क्या है। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही ये सब स्पष्ट होगा।




