सामाजिक कार्यकर्ता को लैटर के साथ बुलेट भेजकर दी जान से मारने की धमकी




Listen to this article

संजीव शर्मा
सच संस्था के अध्यक्ष और आरटीआई एक्टिविस्ट संदीप पहल एडवोकेट को अज्ञात लोगों ने लैटर के साथ एक 315 बोर की गोली भेजकर धमकी दी है। संदीप पहल गोकशी के खिलाफ आवाज बुलंद किये हुए हैं। उनके द्वारा की गई शिकायत पर शहर के कई गोकशी के अवैध ठिकाने बंद हो चुके हैं। आरोप है कि इसी से नाराज गोकशी करने वालों ने उन्हें यह लैटर और बुलेट भेजी है।

संदीप पहल ने बताया कि लैटर के साथ बुलेट मिलने के बाद उन्होंने इसकी जानकारी थाना सिविल लाइन पुलिस को दी है। पुलिस को लिखित शिकायत देते हुए उचित कार्रवाई कर उन्हें लैटर भेजने वाले को गिरफ्तार करने की मांग की गई है। पुलिस भी इस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। सच संस्था के अध्यक्ष संदीप पहल पेशे से अधिवक्ता है और एक सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में कार्य करते हैं। वह जिले में हो रहे अवैध पशुओं के कटान को लेकर शिकायत अधिकारियों से करते हैं, उनकी शिकायत के आधार पर शहर में चल रहे कई अवैध पशु कटान के ठिकाने बंद हो चुके हैं। संदीप पहल का कहना है कि गोकशी और पशुओं का अवैध कटान करने वालों ने ही उन्हें यह लैटर और गोली भेजी है, लेकिन वह उनकी धमकी से डरने वाले नहीं हैं।