हाईवे पर आमने-सामने भिड़ीं दो बसें, कई यात्री घायल








Listen to this article

न्यूज 127. हरिद्वार।
मंगलवार शाम करीब 7:40 बजे कोतवाली श्यामपुर क्षेत्र के रसियाबाद के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो बसों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर से अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना डायल 112 के माध्यम से मिलते ही पुलिस महकमा तुरंत हरकत में आया और थानाध्यक्ष श्यामपुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। वहीं, क्षेत्राधिकारी नगर भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करते रहे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एक प्राइवेट बस देहरादून से बारात लेकर बिजनौर जनपद के नागलसोती लौट रही थी, जबकि दूसरी रोडवेज बस बिजनौर से हरिद्वार की ओर आ रही थी। रसीयाबाद के समीप दोनों बसों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिससे बारात वाली बस में सवार लगभग 10 से 15 लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दो यात्री बस के अंदर फंस गए।
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। फंसे हुए दोनों यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि अन्य घायलों को भी बाहर निकालकर 108 एम्बुलेंस की सहायता से अस्पताल भिजवाया गया। राहत की बात यह रही कि इस भीषण हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

घायलों में अनीश (60 वर्ष), मुराद अली, सुहैल, नईम और नाजिर शाह सहित अन्य यात्री शामिल हैं, जो सभी बिजनौर जनपद के निवासी बताए जा रहे हैं। सभी घायलों का उपचार नजदीकी अस्पताल में जारी है और उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बसों को सड़क किनारे सुरक्षित खड़ा करवा दिया है, जिससे यातायात व्यवस्था जल्द ही सामान्य कर दी गई। मौके पर कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही और किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने दी गई। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई कर एक संभावित बड़े हादसे को गंभीर रूप लेने से बचा लिया। पुलिस की सक्रियता और राहत टीमों के समन्वय से स्थिति पर शीघ्र काबू पा लिया गया।