न्यूज 127.
सीतापुर के चर्चित पत्रकार राघवेंद्र वाजपेई हत्याकांड में शामिल दो शूटरों को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। दोनों घटना के बाद से फरार चल रहे थे, उनकी गिरफ्तारी पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। उत्तर प्रदेश के सीतापुर में पत्रकार राघवेंद्र की करीब पांच महीने पहले हत्या हुई थी। मारे गए बदमाशों के नाम राजू उर्फ रिजवान और संजय उर्फ अकील बताए गए हैं।
यह मुठभेड़ पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम के साथ थाना पिसावा क्षेत्र में हुई। एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि पिसावां महोली मार्ग पर पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम काम्बिंग कर रही थी। इसी दौरान शूटर संजय तिवारी और राजू तिवारी बाइक से आते दिखायी दिये। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया लेकिन वह दोनों पुलिस पार्टी पर फायर कर भागने लगे।पुलिस ने भी क्रॉस फायरिंग की। दोनों शूटरों को मुठभेड़ में गोली लग गई। उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि दोनों वांछित थे। शूटरों की पहचान संजय तिवारी उर्फ अकील खान और राजू तिवारी उर्फ रिजवान के रूप में हुई है। दोनों मिश्रित के अटवा निवासी हैं। इन पर हत्या का प्रयास, हत्या और अन्य कई गंभीर मामले दर्ज थे। पत्रकार हत्याकांड में एक पुजारी का नाम सामने आया था, पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए पुजारी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। पुजारी की गिरफ्तारी के बाद शूटरों की पहचान पुलिस ने की थी।