न्यूज 127.
पिछले कई दिनों से थाना सिडकुल क्षेत्र में लगातार एक के बाद एक दोपहिया वाहनों की चोरी की घटनाएँ सामने आ रही थीं। इन घटनाओं को रोकने के लिए सिडकुल पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी के पांच वाहन बरामद किये हैं।
सिडकुल पुलिस टीम द्वारा उन सभी घटनास्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया गया जहां से वाहन चोरी हुए थे। चोरी की घटनाओं के दौरान घटित संदिग्ध गतिविधियों का विश्लेषण किया गया। साथ ही आसपास निवास कर रहे व कार्यरत लोगों से पूछताछ कर महत्वपूर्ण सुराग एकत्रित किए गए।
लगातार सतत् प्रयासों के फलस्वरूप रविवार 8 फरवरी को पुलिस टीम ने गोपनीय सूचना के आधार पर चेकिंग के दौरान दवा चौक सिडकुल के पास से दो संदिग्ध व्यक्तियों आयुष पुत्र गंगाराम व रोहित पुत्र शिवराम को हिरासत में लिया। इनके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई। जो कि डैन्सो चौक से चोरी की गयी थी।
हिरासत में लिए गए संदिग्धों से गहन एंव कड़ी पूछताछ की गयी तो उनके द्वारा 4 अन्य वाहन चोरी कर एक कम्पनी के पीछे छिपाकर रखे जाने की जानकारी दी गई। पुलिस द्वारा अभियुक्तों की निशान्देही पर छिपाकर रखी गई चोरी की तीन बाइक और एक स्कूटी बरामद की गई।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष नितेश शर्मा, अपर उपनिरीक्षक अनिल कुमार सैनी, अपर उपनिरीक्षक संजय चौहान, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र मलिक, हेड कांस्टेबल संजय सिंह, कांस्टेबल रोहित कुमार, कांस्टेबल जितेन्द्र तोमर, कांस्टेबल अरविन्द कुमार, कांस्टेबल मुकेश कुमार मौजूद रहे।







