न्यूज 127, देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड में सड़क, राजमार्ग एवं आधारभूत ढांचे के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
इस दौरान प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार, सड़क सुरक्षा को मजबूत करने, पर्वतीय क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी तथा चल रही और प्रस्तावित सड़क परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। विशेष रूप से चारधाम यात्रा मार्गों, सीमावर्ती क्षेत्रों और पर्यटन स्थलों तक सुगम पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार केंद्र सरकार के सहयोग से सड़क एवं परिवहन अवसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मजबूत सड़क नेटवर्क से राज्य के आर्थिक विकास को गति मिलेगी, साथ ही पर्यटन, चारधाम यात्रा और सीमावर्ती क्षेत्रों की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी।
केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने उत्तराखंड के विकास के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि मंत्रालय राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सड़क परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने भविष्य में भी राज्य को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।



