हरिद्वार
एचईसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स, जगजीतपुर, हरिद्वार की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा वात्सल्य वाटिका, बहादराबाद में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन स्वयंसेवियों ने उत्साहपूर्वक अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव, मुनी की रेती, ऋषिकेश में सहभागिता की। इस अवसर पर स्वयंसेवियों ने योग के महत्व को न केवल समझा बल्कि उसे जीवन में अपनाने का संकल्प भी लिया।
योग महोत्सव में मुख्य अतिथि राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने अपने प्रेरक संबोधन में योग को स्वस्थ जीवन की आधारशिला बताते हुए युवाओं से इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। उनके विचारों से प्रेरित होकर स्वयंसेवियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
संस्थान के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी उमराव सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस महोत्सव में एनएसएस इकाई के लगभग 100 स्वयंसेवियों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से स्वयंसेवियों को न केवल योग के लाभों की जानकारी मिलती है, बल्कि वे समाज में भी लोगों को इसके प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में स्वयंसेवियों के साथ संस्थान की शिक्षिका दीपिका संगतानी, मनीष शर्मा, शशांक एवं विरेन्द्र सिंह सहित अन्य शिक्षकगण भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने का संदेश दिया।
एनएसएस शिविर के इस दूसरे दिन का मुख्य उद्देश्य स्वयंसेवियों के माध्यम से समाज में स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूकता फैलाना रहा, जिसमें वे पूरी तरह सफल होते नजर आए।
एनएसएस शिविर में स्वयंसेवियों ने अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव में लिया भाग




