न्यूज 127. हरिद्वार।
कबीर कुटीर घाट, सप्तऋषि क्षेत्र में घाट के आगे बने टापू पर कुछ पुरुष, महिलाएं व बच्चे गंगा नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ऊपर से जलस्तर बढ़ने के कारण गंगा का बहाव तेज हो गया, जिससे सभी लोग टापू पर फंस गए।
सूचना प्राप्त होते ही चौकी इंचार्ज सप्तऋषि पुलिस टीम और जल पुलिस टीम बोट व आपदा राहत उपकरणों के साथ तत्काल मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर टापू पर फंसे सभी व्यक्तियों को सुरक्षित किनारे पर लाया गया। रेस्क्यू किए गए व्यक्तियों में 10 पुरुष, 07 महिलाएं तथा 04 बच्चे शामिल हैं, सभी लोग पूर्णतः सुरक्षित हैं, कोई जनहानि नहीं हुई है। रेस्क्यू किए गए सभी व्यक्ति दिल्ली, हरियाणा एवं राजस्थान के निवासी हैं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत के अनुसार, सुबह करीब 10.40 बजे कॉलर प्रतीक चतुर्वेदी द्वारा आपदा कंट्रोल रूम को सूचना दी गई कि सप्तऋषि घाट पर जलस्तर बढ़ने के कारण कुछ लोग बीच धारा में फंस गए हैं। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और तत्काल उच्चाधिकारियों के निर्देशन में जल पुलिस, पीएसी और फ्लड कंपनी को मौके पर रवाना किया गया। रेस्क्यू टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर तेजी से अभियान चलाया और सभी फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस बचाव अभियान में जल पुलिस, पीएसी, फ्लड कंपनी सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी लोगों को सुरक्षित निकालकर राहत की सांस ली गई। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए घाटों पर सतर्कता बरतें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
गंगा में अचानक जलस्तर बढ़ने से टापू पर फंसे 21 श्रद्धालु, जल पुलिस ने किया रेस्क्यू




