युवाओं के लिए बने प्रेरणा स्रोत, परिवार और क्षेत्र का नाम किया रोशन
हरिद्वार।
बहादराबाद क्षेत्र के ग्राम अत्मलपुर बोंगला निवासी होनहार युवा तुषार चौहान ने संघ लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में 216वीं रैंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र और जनपद का नाम रोशन किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
तुषार चौहान अनुज चौहान के सुपुत्र तथा सतपाल ठेकेदार के पौत्र हैं। जैसे ही उनके चयन की खबर क्षेत्र में पहुंची, परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने उनके घर पहुंचकर बधाई दी और मिठाइयां बांटकर इस सफलता का जश्न मनाया।
तुषार चौहान की इस उपलब्धि को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया जा रहा है। उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और निरंतर परिश्रम किया जाए तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।
उनकी इस ऐतिहासिक सफलता पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों ने भी खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि तुषार चौहान प्रशासनिक सेवा में रहते हुए देश और समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
ग्राम अत्मलपुर बोंगला सहित पूरे बहादराबाद क्षेत्र के लोगों ने तुषार चौहान की इस उपलब्धि पर उनके परिवार को भी शुभकामनाएं दी हैं। लोगों का कहना है कि तुषार की यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए नई प्रेरणा है और आने वाले समय में वह अपने कार्यों से जनपद और प्रदेश का नाम और ऊंचा करेंगे।
हरिद्वार के तुषार चौहान ने यूपीएससी में हासिल की 216वीं रैंक, खुशी की लहर




