नवीन चौहान
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने तीरथ सिंह रावत के लिए पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बधाई संदेश भेजा। सोशल मीडिया के माध्यम से त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि भाजपा उत्तराखंड के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, बेजोड़ संगठनकर्ता और पौड़ी गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत जी को मुख्यमंत्री पद की अति महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के मिलने पर हार्दिक शुभकामनाएं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास, जनता के हित और पार्टी की मजबूती के लिए मेरा आपको और समूची सरकार को पूर्ण सहयोग रहेगा। उन्होंने कहा कि पूर्ण विश्वास है कि आपके कुशल नेतृत्व और सटीक दिशा निर्देशन में उत्तराखंड उत्तरोत्तर प्रगति करेगा।
पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का यह बयान तब आया जब तीरथ सिंह रावत ने मुख्यमंत्री पद संभाल लिया है। उन्होंने अपने साथ होने का भरोसा तीरथ सिंह रावत को देकर बड़ा दिल दिखाया। वैसे भी त्रिवेंद्र सिंह रावत एक नेक दिल इंसान है।उन्होंने मुख्यमंत्री की कुर्सी पर काबिज होने के बाद भी कभी निजी स्वार्थो की पूर्ति नही की। प्रदेश की जनता के हित में निर्णय लेकर अपने ही विधायकों से दुश्मनी मोल ली। जिसका उनको व्यक्तिगत नुकसान हुआ। उनको मुख्यमंत्री की कुर्सी से त्यागपत्र देना पड़ा। लेकिन उनके चार साल का कार्यकाल उनकी ईमानदारी और बेदाग छवि के लिए हमेशा याद किया जाता रहेगा।
